मुरादाबाद। हिंदी पत्रकारिता दिवस के उपलक्ष में सोमवार को उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) मुरादाबाद इकाई की ओर से मुरादाबाद क्लब में वरिष्ठ पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिसमें मुरादाबाद जनपद के तीन वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता, साहित्य, समाज सेवा और बौद्धिक जगत से जुड़े लोगों ने भाग लिया।

सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने तीन वरिष्ठ पत्रकारों को उपज पत्रकारिता गौरव सम्मान 2026 से वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र कुमार शर्मा मुन्ना गुरु, हरिओम अग्रवाल और अखिलेश शर्मा को सम्मानित किया। डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उपज अध्यक्ष हरि प्रकाश शर्मा ने की व संचालन महामंत्री कुमार देव ने किया। इस दौरान अन्य वक्ताओं ने तीनों पत्रकारों के लंबे पत्रकारिता अनुभव, जनपक्षीय सोच और सामाजिक योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में डॉ. मनोज रस्तोगी ने मुरादाबाद की हिंदी पत्रकारिता केइतिहास और बदलती चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उपज महिला विंग की अध्यक्ष अभिव्यक्ति सिन्हा ने हिंदी पत्रकारिता को लोकतंत्र और सामाजिक जागरूकता की मजबूत धुरी बताया। अंत में उपज के उपाध्यक्ष सुशील शर्मा ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *