नई दिल्ली। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के मार्गदर्शन में दो मई से दिल्ली के सभी जिला कार्यालयों में ‘जन सुनवाई कैंप’ शुरू कर रहा है। ये कैंप हर शनिवार सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक आयोजित होंगे, जहां लोग राशन कार्ड से जुड़ी अपनी समस्याएं—जैसे नया कार्ड बनवाना, सुधार, पात्रता और वितरण से जुड़े मुद्दे—सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे और समाधान प्राप्त कर सकेंगे। यह जानकारी आज एक विज्ञप्ति के जरिए दी गई।

मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि हम लोगों और सरकारी सेवाओं के बीच की दूरी को कम कर रहे हैं और शिकायतों के समाधान को लोगों के दरवाजे तक ला रहे हैं। कोई भी पात्र परिवार अपने हक से वंचित नहीं रहेगा।

खाद्य आपूर्ति विभाग ने इन कैंप के सफल संचालन के लिए विशेष टीमों की व्यवस्था की है, जो मौके पर ही जांच और समाधान सुनिश्चित करेंगी। प्राप्त शिकायतों को डिजिटल तरीके से ट्रैक किया जाएगा, ताकि समय पर फॉलो-अप हो सके और जवाबदेही बनी रहे।

यह कदम प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के उस विजन के अनुरूप है, जिसमें तकनीक आधारित और भ्रष्टाचार मुक्त पीडीएस के जरिए हर जरूरतमंद तक खाद्य सुरक्षा पहुंचाई जा रही है। जिला कार्यालयों की जानकारी और सेवाओं के लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर जा सकते हैं या टोल-फ्री नंबर 1967 या 14445 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *