मुंबई : रणबीर कपूर और यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ को लेकर दर्शकों में उत्साह बना हुआ है। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद से ही इसकी चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच बेंगलुरु में फिल्म के इंटरनेशनल ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान रावण का किरदार निभा रहे अभिनेता यश ने फिल्म इंडस्ट्री के बीच आपसी एकता और सहयोग को लेकर अहम बात कही। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय फिल्म इंडस्ट्री आपस में ही लड़ती रहेगी, तो वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करना मुश्किल होगा।
छत्तीसगढ़ के गन्ना किसानों की बल्ले-बल्ले! ₹425 प्रति क्विंटल दर के साथ देश में सबसे आगे राज्य
यश बोले- आपस में लड़ने के बजाय एक-दूसरे का साथ दें
इवेंट के दौरान यश ने सोशल मीडिया पर फिल्मों और उनके वीएफएक्स को लेकर होने वाली बहसों पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि किसी फिल्म के रिलीज होते ही उसके विजुअल इफेक्ट्स और कलाकारों के लुक को लेकर तरह-तरह की टिप्पणियां शुरू हो जाती हैं। यह सिलसिला लंबे समय से चला आ रहा है।
यश ने कहा कि अगर हम लगातार आपस में लड़ते रहेंगे, तो दुनिया को चुनौती देने की स्थिति में नहीं पहुंच पाएंगे। उन्होंने इस संदर्भ में ‘बांटो और राज करो’ की नीति का भी जिक्र किया और भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को एकजुट रहने की सलाह दी।
‘हर किसी की कोशिश की सराहना होनी चाहिए’
यश ने आगे कहा कि अगर फिल्म इंडस्ट्री को कुछ बड़ा हासिल करना है, तो सभी को मिलकर काम करना होगा। फिल्म निर्माण की कला को समझने और दूसरों के प्रयासों की सराहना करने की जरूरत है।
अभिनेता के मुताबिक, अगर किसी की सोच और इरादा सही है, तो इंडस्ट्री के लोगों को उसका समर्थन करना चाहिए। उनका मानना है कि आपसी सहयोग से भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत बनाया जा सकता है।
इस कार्यक्रम में यश के साथ रणबीर कपूर, रवि दुबे, साई पल्लवी, रकुल प्रीत सिंह, निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा भी मौजूद रहे।
‘रामायण’ के दोनों भागों का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये
निर्माता नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बन रही ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की बड़ी परियोजनाओं में शामिल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के दोनों भागों का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया गया है और मेकर्स को इससे दुनियाभर में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, साई पल्लवी सीता का किरदार निभा रही हैं। फिल्म के भव्य सेट, वीएफएक्स और स्टारकास्ट को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता है।
5 नवंबर को रिलीज होगी ‘रामायण पार्ट 1’
फिल्म की रिलीज को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। मेकर्स की घोषणा के मुताबिक, ‘रामायण पार्ट 1’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में 5 नवंबर को रिलीज होगी। पहले इसकी रिलीज डेट 8 नवंबर बताई जा रही थी, लेकिन बाद में तारीख में बदलाव किया गया।
फिल्म का दूसरा भाग अगले साल दिवाली के मौके पर रिलीज करने की योजना है। ऐसे में दर्शकों को अब बड़े पर्दे पर भगवान राम की कहानी और यश के रावण अवतार को देखने का इंतजार है।


