नई दिल्ली,। भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला शनिवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम शुरुआती दो मुकाबले जीतकर पहले ही सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है। तीसरे वनडे में अफगानिस्तान की टीम सम्मान की लड़ाई लड़ने उतरेगी।
भारतीय टीम का प्रदर्शन दोनों ही वनडे मुकाबले में शानदार रहा है। दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 170 रनों के बड़े अंतर से हराया था। बल्लेबाजी में कप्तान शुभमन गिल जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। गिल दो वनडे मुकाबलों में अब तक 238 की औसत और 135 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 238 रन बना चुके हैं। वहीं, ईशान किशन भी शानदार लय में दिखाई दिए हैं। ईशान ने दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में शतकीय पारी खेली थी।
रोहित शर्मा ने दूसरे वनडे में 39 गेंदों में 48 रनों की दमदार पारी खेली थी। हालांकि, टीम यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर से आखिरी वनडे में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार की जोड़ी कारगर साबित हुई है। गुरनूर ने अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया है और वह 6 विकेट निकाल चुके हैं। वहीं, प्रिंस यादव ने अपने डेब्यू मैच में 2 विकेट चटकाए थे।
दूसरी ओर, अफगानिस्तान के लिए इस सीरीज में कुछ भी सही नहीं घटा है। बल्लेबाजी में गुरबाज और रहमत शाह को छोड़कर टीम के अन्य बल्लेबाज रनों के लिए संघर्ष करते दिखाई दिए हैं। रहमत ने दूसरे वनडे में 79 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि पहले एकदिवसीय में शतक लगाने वाले गुरबाज ने दूसरे वनडे में 33 गेंदों में 41 रन बनाए थे। टीम का गेंदबाजी अटैक भी बेहद साधारण नजर आया है। दूसरे वनडे में भारतीय बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान के गेंदबाजी अटैक की धज्जियां उड़ाते हुए 50 ओवर में 402 रन बना डाले थे।
एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम की पिच को स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार माना जाता है। गेंद बल्ले पर थोड़ा रुककर आती है, जिसकी वजह से बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए क्रीज पर संघर्ष करना पड़ता है। हालांकि, आईपीएल 2026 के दौरान यहां की पिच बल्लेबाजों को भी फेवर करती नजर आई थी। चिदंबरम स्टेडियम में अब तक कुल 39 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 18 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं। वहीं, रनों का पीछा करने वाली टीम ने 20 मुकाबलों में जीत दर्ज की है।
पहली पारी का औसतन स्कोर 229 रन रहा है, जबकि दूसरी इनिंग में औसत स्कोर 208 रन रहा है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को चेन्नई में बारिश होने की आशंका 55 प्रतिशत है। इसके साथ ही ज्यादातर समय बादल छाए रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की अनुमान है।

