रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने के निर्णय पर कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया है। शनिवार को मुख्यमंत्री निवास में फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात कर मंत्रिपरिषद की मंजूरी के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही उन्हें फेडरेशन की ओर से आयोजित होने वाले अभिनंदन समारोह में शामिल होने का न्योता भी दिया।
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदेश के शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांग रही है। सरकार के इस निर्णय से लाखों कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी।
पदाधिकारियों ने कहा कि इस सुविधा का सबसे अधिक लाभ गंभीर बीमारियों और अचानक होने वाली स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों में मिलेगा। अब कर्मचारियों को इलाज के लिए पहले बड़ी रकम जुटाने और बाद में चिकित्सा प्रतिपूर्ति की लंबी प्रक्रिया से गुजरने जैसी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
दिवाली पर लाल-पीले से हटकर पहनें ये ट्रेंडी कलर्स, एक्ट्रेसेस के स्टाइलिश लुक्स करें रीक्रिएट
प्रतिनिधिमंडल ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे शासकीय सेवकों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस दौरान पंकज पाण्डेय, सत्येंद्र देवांगन, अश्वनी चेलक, जय कुमार साहू, पीताम्बर पटेल, आलोक मिश्रा और संतोष कुमार वर्मा सहित फेडरेशन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


