बिजनेस डेस्क: अगर आपके घर में कोई पेंशनर है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। पेंशन का लाभ लगातार जारी रखने के लिए हर साल जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate) जमा करना अनिवार्य होता है। पहले इसके लिए बुजुर्गों को बैंक या सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब यह काम घर बैठे स्मार्टफोन से भी किया जा सकता है। सरकार ने डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है। इसके तहत पेंशनर्स मोबाइल के कैमरे से फेस ऑथेंटिकेशन करके अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे।
सरकार का पांचवां राष्ट्रव्यापी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलाया जाएगा। इस दौरान देशभर के 2,000 से अधिक शहरों और कस्बों में यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों, दिव्यांगों और ऐसे पेंशनर्स को राहत देना है, जिन्हें बैंक या सरकारी कार्यालय तक पहुंचने में परेशानी होती है।
मोहरेंगा में अदाणी फाउंडेशन का मेगा हेल्थ कैंप, 375 ग्रामीणों को मिला निःशुल्क उपचार और दवाइयाँ
मोबाइल से घर बैठे ऐसे बनाएं डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट
पेंशनर्स अपने स्मार्टफोन की मदद से कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करके जीवन प्रमाण पत्र तैयार कर सकते हैं।
स्टेप 1: सबसे पहले आपके पास कम से कम 5 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरे वाला स्मार्टफोन होना चाहिए।
स्टेप 2: मोबाइल के Google Play Store से Aadhaar Face RD और Jeevan Pramaan Face App डाउनलोड करें।
स्टेप 3: अपना आधार नंबर और पेंशन से संबंधित जरूरी जानकारी अपने पास रखें।
स्टेप 4: अब Jeevan Pramaan Face App खोलें और ऑपरेटर ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करें। इसमें ऑपरेटर का नाम और आधार से जुड़ी जानकारी दर्ज करनी होगी। पेंशनर खुद भी ऑपरेटर के रूप में यह प्रक्रिया पूरी कर सकता है।
स्टेप 5: इसके बाद पेंशनर की पहचान और ऑथेंटिकेशन से जुड़ी जरूरी जानकारी भरें।
स्टेप 6: अब स्मार्टफोन के फ्रंट कैमरे से अपना चेहरा स्कैन करें। इस दौरान चेहरा कैमरे के सामने स्पष्ट रखें और ऐप में दिए गए निर्देशों का पालन करें।
स्टेप 7: फेस ऑथेंटिकेशन सफल होने के बाद डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जनरेट हो जाएगा। इसकी जानकारी रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए मिलेगी। इसके बाद प्रमाण पत्र डाउनलोड भी किया जा सकेगा।
30 नवंबर तक जमा करना होगा जीवन प्रमाण पत्र
पेंशनर्स के लिए जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। हालांकि, उम्र के आधार पर इसकी प्रक्रिया अलग-अलग तारीखों से शुरू हुई है। 80 साल या उससे अधिक उम्र के पेंशनर्स के लिए 1 अक्टूबर से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा शुरू हो चुकी है। वहीं, 80 साल से कम उम्र के पेंशनर्स 1 नवंबर से इसे जमा कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ में दिवाली पर 4670 परिवारों को मिली पक्के घर की सौगात, साय सरकार ने दिया बड़ा तोहफा
बुजुर्गों के लिए घर पर मिलेगी सुविधा
इस अभियान में सरकार का विशेष ध्यान 80 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों, महिला पेंशनर्स और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से परेशान लोगों पर है। ऐसे पेंशनर्स जो उम्र या बीमारी के कारण डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट कैंप तक नहीं पहुंच सकते, उनके लिए डोरस्टेप और होम-बेस्ड सर्विस की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे बुजुर्गों को घर से बाहर निकले बिना ही जीवन प्रमाण पत्र जमा करने में मदद मिलेगी।


