शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा, कार के उड़े परखच्चे

सतना, । मध्य प्रदेश के सतना जिले के जसो थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

मृतक की पहचान अमकुई निवासी पवन सोनी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में धवारी में रह रहे थे। जानकारी के अनुसार, वे अपने भांजे की शादी में शामिल होने ओंकार पैलेस गए थे। शनिवार दोपहर समारोह के बाद वे रिश्तेदारों को कार से गांव छोड़ने के लिए निकले थे। इस दाैरान अमकुई गांव के पास पहुंचते ही कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और तेज रफ्तार में पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक पवन सोनी की मौके पर ही मौत हो गई।

3 मासूमों समेत 5 घायल

हादसे में कार में सवार तीन बच्चों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नागौद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि 7, 9 और 11 साल के तीनों बच्चों की हालत गंभीर है। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए हैं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही जसो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना दुर्घटना की मुख्य वजह मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *