भोपाल। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर रविवार सुबह राजधानी भोपाल की सड़कों पर फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का अनूठा नजारा देखने को मिला। टीटी नगर स्टेडियम से शुरू हुए ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान में हजारों युवाओं, खिलाड़ियों, महिलाओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साइकिलों की लंबी कतारों ने शहरवासियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने हरी झंडी दिखाकर किया। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान को इस बार पहले से अधिक व्यापक स्वरूप दिया गया। मंत्री विश्वास सारंग स्वयं भी साइकिल चलाते हुए अभियान में शामिल हुए। उन्होंने टीटी नगर स्टेडियम से लिंक रोड और रोशनपुरा मार्ग होते हुए प्रतिभागियों के साथ साइकिलिंग की। इस दौरान उन्होंने युवाओं से नियमित व्यायाम और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ अभियान का उद्देश्य देश को स्वस्थ और सक्रिय बनाना है। ‘संडे ऑन साइकिल’ जैसी पहलें लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ फिटनेस को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सुबह की ताजा हवा और उत्साह से भरपूर माहौल के बीच प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर न केवल फिटनेस का संदेश दिया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने का संकल्प भी दोहराया। अभियान में शामिल लोगों ने इसे स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली सकारात्मक पहल बताते हुए नियमित रूप से ऐसे आयोजनों के समर्थन की बात कही।

