लुधियाना (गणेश/सचिन): शहर के ग्यासपुर चौक और ईस्टमैन चौक के बीच सोमवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जब अचानक बिजली का खंभा गिर गया। इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खंभा गिरने की चपेट में आने से दोनों युवकों की टांगें टूट गईं, जबकि एक युवक के पैर की पांचों उंगलियां कट गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घायलों को पहले सिविल अस्पताल लुधियाना में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें Postgraduate Institute of Medical Education and Research (पीजीआई) चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खंभा अचानक गिरा, जिससे राह चलते लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके में लगे पुराने और जर्जर बिजली के खंभों की जांच की मांग की है।
फिलहाल, पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

