चेन्नई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तमिलनाडु के चेन्नई में जयगोपाल गरोडिया हिंदू विद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को बड़े सपने देखने और नए विचारों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत तेजी से बदल रहा है और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि भारत में अवसरों की कमी नहीं है और युवाओं को अपने भविष्य के बारे में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा, ‘यही आपका समय है, यही आपका अवसर है।’
‘युवाओं की आंखों में दिखता है भारत का भविष्य’
प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि शिव और शक्ति की पवित्र धरती पर मां सरस्वती के साधकों के बीच आना उनके लिए विशेष अवसर है। उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों के उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा की सराहना की।
पीएम मोदी ने कहा कि जब वे युवाओं की आंखों में देखते हैं, तो उन्हें भारत का भविष्य नजर आता है। उनके मुताबिक, युवाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
एक दशक में शिक्षा के क्षेत्र में हुआ विस्तार
प्रधानमंत्री ने पिछले एक दशक में देश की शिक्षा व्यवस्था में हुए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में भारत में करीब 750 विश्वविद्यालय थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 1,300 से अधिक हो गई है। इसी तरह कॉलेजों की संख्या लगभग 38 हजार से बढ़कर 52 हजार से ज्यादा हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में देश में कई नए आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल आईटी और एम्स जैसे संस्थान स्थापित हुए हैं। इससे विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और कौशल विकास के अवसरों का विस्तार हुआ है।
शिक्षा के साथ संस्कार और राष्ट्रसेवा भी जरूरी
पीएम मोदी ने जयगोपाल गरोडिया हिंदू विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ राष्ट्रभक्त और जिम्मेदार नागरिक बनाने में भी योगदान दे रहा है।
इस दौरान उन्होंने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ से जुड़ा एक उदाहरण भी साझा किया। उन्होंने बताया कि विद्यालय से जुड़ी गिरिजा अम्मा ने बच्चों को प्रतिदिन केवल एक रुपया बचाकर सैनिकों के लिए समर्पित करने की प्रेरणा दी थी। इस पहल से हजारों बच्चे जुड़े और करीब 40 लाख रुपये एकत्र किए गए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उदाहरण दिखाता है कि छोटी-सी पहल भी समाज और देश के प्रति सेवा एवं समर्पण की बड़ी भावना पैदा कर सकती है।
भारतीय युवा दुनिया की समस्याओं का समाधान कर सकते हैं
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया नई चुनौतियों का सामना कर रही है और उनके समाधान के लिए नए विचारों की जरूरत है। भारत के युवाओं में अपनी प्रतिभा, शिक्षा और नवाचार के माध्यम से इन समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता है।
उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और नए विचारों पर काम करने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि युवाओं की ऊर्जा और नवाचार विकसित भारत के सपने को साकार करने में अहम योगदान देंगे।


