स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 एलिमिनेटर मुकाबले से पहले राजस्थान रॉयल्स के ऑलराउंडर Dasun Shanaka ने कप्तान Riyan Parag की जमकर तारीफ की है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले शनाका ने कहा कि रियान पराग भविष्य में राजस्थान रॉयल्स ही नहीं, बल्कि टीम इंडिया के भी बड़े कप्तान बन सकते हैं। राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच IPL 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला बुधवार, 27 मई को मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
रियान पराग की कप्तानी पर बोले शनाका
मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दासुन शनाका ने रियान पराग के नेतृत्व की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि युवा कप्तान लगातार सीख रहे हैं और इस सीजन उन्होंने शानदार कप्तानी की है।
शनाका ने कहा, ‘रियान एक युवा कप्तान हैं और लगातार सीख रहे हैं। उन्होंने इस साल कप्तान के तौर पर शानदार काम किया है। कई लोग उनकी आलोचना करते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि वह RR और टीम इंडिया दोनों के लिए भविष्य के बेहतरीन लीडर साबित होंगे।’
कुमार संगकारा की भी जमकर तारीफ
शनाका ने राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच Kumar Sangakkara की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि संगकारा का अनुभव टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रहा है और वह ड्रेसिंग रूम का माहौल बेहद शांत रखते हैं। शनाका ने कहा, ‘संगा पिछले पांच-छह साल से टीम के साथ हैं। उन्हें पता है कि हर खिलाड़ी की कैसे मदद करनी है। उन्होंने ड्रेसिंग रूम का माहौल काफी शांत रखा है। उनका अनुभव बहुत बड़ा है। वह वर्ल्ड कप विजेता खिलाड़ी रहे हैं और लंबे समय तक राष्ट्रीय टीम की कप्तानी कर चुके हैं। वह हमारे लिए शानदार काम कर रहे हैं।’
IPL 2026 में रियान पराग का प्रदर्शन
हालांकि कप्तानी में रियान पराग ने राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ तक पहुंचाया, लेकिन बल्लेबाज के तौर पर उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। रियान ने IPL 2026 में अब तक 12 मैचों में 272 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 24.72 और स्ट्राइक रेट 152.80 का रहा है। उन्होंने सीजन में दो अर्धशतक लगाए हैं, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 50 गेंदों में 90 रन उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी रही। असम के इस बल्लेबाज को हैमस्ट्रिंग चोट के कारण दो मुकाबलों से बाहर भी रहना पड़ा था।
SRH के खिलाफ करो या मरो की टक्कर
अब राजस्थान रॉयल्स की नजर सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर क्वालिफायर-2 में पहुंचने पर होगी। दूसरी ओर SRH भी लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। ऐसे में मुल्लांपुर में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।

