स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में पंजाब किंग्स के प्लेऑफ से बाहर होने के बाद श्रेयस अय्यर की बहन श्रेस्टा अय्यर सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हुईं। अब उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है। श्रेस्टा ने कहा कि उनका वायरल वीडियो सिर्फ मजाक और हल्के-फुल्के बैंटर के लिए था, लेकिन लोगों ने उसे गलत तरीके से पेश किया। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रोलिंग अब हद पार कर चुकी है और लोग उनके परिवार, सहकर्मियों और छात्रों को भी परेशान कर रहे हैं।
वायरल वीडियो पर दी सफाई
श्रेस्टा अय्यर ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में कहा कि उन्होंने किसी खिलाड़ी या टीम का मजाक उड़ाने के इरादे से वीडियो नहीं बनाया था। उन्होंने कहा, ‘जो वीडियो मैंने बनाया था, उसे लोगों ने बहुत ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया। उसका मकसद सिर्फ फन बैंटर था। मैं किसी को ट्रोल नहीं कर रही थी और मेरी कोई गलत मंशा नहीं थी।’
‘मैं हर क्रिकेटर की इज्जत करती हूं’
श्रेस्टा ने आगे कहा कि वह हर क्रिकेटर का सम्मान करती हैं, क्योंकि उनका भाई भी क्रिकेटर है और वह खिलाड़ियों की मेहनत को समझती हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं किसी के खिलाफ नफरत नहीं फैला रही थी। मैं हर क्रिकेटर की इज्जत करती हूं, क्योंकि मेरा भाई भी क्रिकेटर है।’
ट्रोलिंग ने पार की सारी हदें
श्रेस्टा अय्यर ने खुलासा किया कि सोशल मीडिया ट्रोलिंग अब सिर्फ ऑनलाइन कमेंट्स तक सीमित नहीं रही। लोग उनके वर्कप्लेस पर कॉल कर रहे हैं और उनके साथ जुड़े लोगों को भी परेशान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे आप लोगों पर तरस आता है। आप लोग मेरे वर्कप्लेस पर कॉल कर रहे हैं, मुझे, मेरे सहयोगियों, मेरे छात्रों और परिवार को गालियां दे रहे हैं।’
‘मुझसे नफरत करो, लेकिन दूसरों को परेशान मत करो’
वीडियो के आखिर में श्रेस्टा ने ट्रोलर्स से अपील की कि अगर उन्हें उनसे दिक्कत है तो वह सिर्फ उन्हें निशाना बनाएं, लेकिन उनके परिवार और सहकर्मियों को इसमें न घसीटें। उन्होंने कहा, ‘अगर आप मुझसे नफरत करना चाहते हैं तो करते रहिए, लेकिन मेरे साथ जुड़े लोगों को परेशान करना बंद कीजिए।’
PBKS प्लेऑफ से सिर्फ 1 अंक से चूकी
पंजाब किंग्स IPL 2026 में बेहद करीब पहुंचकर प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई। टीम सिर्फ एक अंक के अंतर से बाहर हो गई।हालांकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 14 मैचों में 55.33 की औसत और 168.81 की स्ट्राइक रेट से 498 रन बनाए।
श्रेयस अय्यर का शानदार सीजन
श्रेयस ने IPL 2026 में चार अर्धशतक और एक शतक लगाया। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ नाबाद 101 रन रहा। मिड सीजन में थोड़ी खराब फॉर्म के बावजूद श्रेयस ने कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों में टीम के लिए अहम योगदान दिया।

