स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हरा दिया। ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में मुंबई की खराब बल्लेबाजी और लचर फील्डिंग टीम पर भारी पड़ी। हार के बाद कप्तान Hardik Pandya ने खिलाड़ियों की फील्डिंग पर खुलकर नाराजगी जताई और कहा कि टीम ने कई आसान मौके गंवाए, जिसका खामियाजा भुगतना पड़ा।
हार्दिक पांड्या ने फील्डिंग को ठहराया हार का कारण
मैच के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा कि यह विकेट बल्लेबाजों से ज्यादा गेंदबाजों के लिए मददगार था, लेकिन टीम ने कैच छोड़कर मैच हाथ से निकलने दिया। उन्होंने कहा, ‘हमने काफी कैच छोड़े। कोई जानबूझकर ऐसा नहीं करता, लेकिन सच्चाई से भाग नहीं सकते। आपको आधे मौके भी पकड़ने होंगे, नहीं तो मैच में हमेशा पीछे रहेंगे।’ हार्दिक ने यह भी माना कि मुंबई इंडियंस ने पावरप्ले में लगातार विकेट गंवाकर खुद पर दबाव बना लिया था। उनके मुताबिक टीम को बीच के ओवरों में बड़ी साझेदारी की जरूरत थी।
पावरप्ले में बिखरी मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी
मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पावरप्ले के अंदर ही 41 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। कप्तान हार्दिक पांड्या ने 26 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 20 रन की पारी खेली। दोनों के बीच 43 रन की साझेदारी जरूर हुई, लेकिन रन गति काफी धीमी रही।
अंत में कॉर्बिन बॉश ने 18 गेंदों में नाबाद 32 रन ठोककर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 147 रन बनाए। KKR की ओर से कैमरून ग्रीन, सौरभ दुबे और कार्तिक त्यागी ने 2-2 विकेट झटके। वहीं अनुभवी सुनील नरेन ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 13 रन देकर 1 विकेट लिया।
मनीष पांडे और रोवमैन पॉवेल ने पलटा मैच
148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत संभली हुई रही। टीम के लिए मनीष पांडे ने 45 रन की जिम्मेदार पारी खेली, जबकि रोवमैन पॉवेल ने 40 रन बनाकर मैच को KKR की पकड़ में पहुंचा दिया। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई 64 रन की साझेदारी मुंबई इंडियंस के लिए सबसे बड़ा झटका साबित हुई। हालांकि कॉर्बिन बॉश ने 3 विकेट लेकर मुकाबले को थोड़ा रोमांचक बनाया, लेकिन आखिर में रिंकू सिंह ने विजयी रन बनाकर KKR को अहम जीत दिला दी।
प्लेऑफ की रेस में KKR को बड़ी राहत
इस जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स ने प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूत कर लिया है। टीम की पिछले सात मुकाबलों में यह छठी जीत रही। दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस की कमजोर फील्डिंग और बल्लेबाजी एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है।

