नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बुधवार रात बड़ा हादसा हो गया। यमुना नदी में एक नाव पलटने से कई लोग लापता हो गए। बताया जा रहा है कि नाव में कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें से 6 के डूबने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग नदी पार कर तरबूज लेने जा रहे थे। इसी दौरान बीच धारा में नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। स्थानीय गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राहत-बचाव कार्य तेज़ी से चलाया जा रहा है।

