रायपुर। CISCE बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए अहम खबर है। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने ICSE और ISC बोर्ड परीक्षाओं का विषयवार टाइम टेबल जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के मुताबिक कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होकर 31 मार्च 2027 तक चलेंगी। वहीं कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 9 फरवरी से शुरू होंगी और 8 अप्रैल 2027 को समाप्त होंगी।
इस साल दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाओं में कुल 3,79,980 विद्यार्थी शामिल होंगे। इनमें कक्षा 10वीं के 2,69,955 और कक्षा 12वीं के 1,10,025 परीक्षार्थी शामिल हैं। डेटशीट जारी होने के बाद विद्यार्थी अपने विषयों के अनुसार पढ़ाई और रिवीजन की रणनीति तैयार कर सकते हैं।
भाई दूज की शुरुआत कैसे हुई? यमराज और यमुना से जुड़ी है इस पर्व की रोचक पौराणिक कथा
76 विषयों की होगी ICSE परीक्षा
CISCE के अनुसार ICSE परीक्षा में 3,106 स्कूलों के विद्यार्थी शामिल होंगे। कक्षा 10वीं की परीक्षा कुल 76 विषयों के लिए आयोजित की जाएगी। वहीं ISC परीक्षा में 1,651 स्कूलों के छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे और इसमें 60 विषय शामिल किए गए हैं।
बोर्ड परीक्षाओं के लिए देश और विदेश में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। ICSE परीक्षा 2,835 केंद्रों पर आयोजित होगी, जबकि ISC परीक्षा के लिए कुल 1,477 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
10वीं की परीक्षा के समय में हुआ बदलाव
इस बार कक्षा 10वीं की परीक्षा के समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार जिन विषयों की परीक्षा सुबह 10:15 बजे शुरू होगी, उनके प्रश्नपत्र सुबह 10 बजे विद्यार्थियों को दे दिए जाएंगे। प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का समय मिलेगा। इसके बाद सुबह 10:15 बजे से उत्तर लिखने की प्रक्रिया शुरू होगी।
पहले प्रश्नपत्र पढ़ने का समय सुबह 10:45 बजे और उत्तर लिखने का समय 11 बजे निर्धारित था। अब बोर्ड ने परीक्षा का समय पहले कर दिया है।
सुबह 9:45 बजे तक पहुंचना होगा परीक्षा केंद्र
नए निर्देशों के मुताबिक विद्यार्थियों को सुबह 9:45 बजे तक परीक्षा हॉल में अपनी निर्धारित सीट पर बैठना अनिवार्य होगा। ऐसे में परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पहुंचने के समय का विशेष ध्यान रखना होगा। बोर्ड ने विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र और डेटशीट में दिए गए सभी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
दीपावली पर काजू कतली की रही सबसे ज्यादा मांग, मिठाइयों से लेकर स्नैक्स तक खूब हुए ऑर्डर
आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है टाइम टेबल
CISCE ने ICSE और ISC दोनों परीक्षाओं की विषयवार डेटशीट अपनी आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर जारी कर दी है। विद्यार्थी वेबसाइट पर जाकर ICSE Year 2027 और ISC Year 2027 का परीक्षा कार्यक्रम डाउनलोड कर सकते हैं।
डेटशीट में प्रत्येक विषय की परीक्षा की तारीख, समय और अवधि की जानकारी दी गई है। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने सभी विषयों की परीक्षा तिथियां ध्यान से जांच लें और उपलब्ध समय के अनुसार तैयारी की योजना बनाएं।



