नई दिल्ली। दिवाली के त्योहार पर ऑनलाइन खरीदारी का क्रेज खूब देखने को मिला। स्विगी की क्विक कॉमर्स यूनिट इंस्टामार्ट पर इस दौरान पार्टी की तैयारियों से जुड़े सामान के ऑर्डर में पिछले साल की तुलना में 162 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, नमकीन और स्नैक्स की मांग भी 42 प्रतिशत बढ़ी। मिठाइयों में काजू कतली सबसे ज्यादा पसंद की गई। इसके बाद मोतीचूर के लड्डू दूसरे और बेसन के लड्डू तीसरे स्थान पर रहे।
इंस्टामार्ट के अनुसार, रायपुर, मदुरै, गुवाहाटी, त्रिशूर और कोल्लम में त्योहार के दौरान खरीदारी की मांग सबसे अधिक रही।
सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक सबसे ज्यादा हुई खरीदारी
इंस्टामार्ट ने बताया कि 8 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच सबसे अधिक ऑर्डर मिले। इस दौरान सुबह 11 बजकर 18 मिनट पर एक मिनट में सर्वाधिक ऑर्डर दर्ज किए गए। छोटी दिवाली पर डाइट कोक सबसे ज्यादा ऑर्डर किया जाने वाला नॉन-ग्रोसरी प्रोडक्ट रहा।
इसके अलावा कपड़े, ज्वैलरी, हेयर एक्सेसरीज, इलेक्ट्रॉनिक्स, गैजेट्स और किचन व डाइनिंग से जुड़े सामान की खरीदारी में भी सालाना आधार पर अच्छी बढ़ोतरी हुई।
धनतेरस पर सोने-चांदी के सिक्कों की खूब हुई बिक्री
धनतेरस के मौके पर 6 नवंबर को इंस्टामार्ट पर सोने और चांदी के सिक्कों के कई ऑर्डर मिले। सोने के सिक्के का पहला ऑर्डर रात 12 बजकर 30 सेकंड पर हैदराबाद से आया। यह फूल के डिजाइन वाला 24 कैरेट सोने का सिक्का था। इसके महज चार सेकंड बाद बेंगलुरु से चांदी के सिक्के का पहला ऑर्डर मिला।
खरीदे गए सोने के सिक्कों में लगभग दो-तिहाई पर गुलाब या फूलों की डिजाइन थी। वहीं, चांदी के 73 प्रतिशत सिक्कों पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की आकृतियां बनी हुई थीं। सोने-चांदी के सिक्कों की खरीदारी शाम 6 बजकर 38 मिनट पर सबसे ज्यादा रही।
मुंबई से मिला 1.11 लाख रुपये का सबसे बड़ा ऑर्डर
त्योहारी सीजन का सबसे महंगा ऑर्डर मुंबई से दर्ज किया गया। इसकी कुल कीमत 1.11 लाख रुपये थी। इसमें लक्ष्मी-गणेश और कमल की डिजाइन वाले सोने के सिक्के शामिल थे।
वहीं, हैदराबाद के एक ग्राहक ने 2 ग्राम का फूल की डिजाइन वाला सोने का सिक्का और 100 ग्राम की चांदी की छड़ खरीदने पर 52,215 रुपये खर्च किए। गुरुग्राम के ग्राहक ने 1 ग्राम का मां लक्ष्मी की आकृति वाला सोने का सिक्का और बच्चों का लंच बॉक्स खरीदने के लिए 30,855 रुपये का ऑर्डर दिया।
इसी तरह दिल्ली के एक ग्राहक ने 1 ग्राम का फूल की डिजाइन वाला सोने का सिक्का और एलईडी पर्दे वाली लाइट खरीदी। इस ऑर्डर की कुल कीमत 29,907 रुपये रही।


