धर्म डेस्क। भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और अटूट रिश्ते का प्रतीक माना जाता है। यह पर्व हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। वहीं भाई भी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा और सम्मान का संकल्प लेते हैं।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि भाई दूज पर तिलक लगाने की परंपरा की शुरुआत कैसे हुई? धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस पर्व का संबंध मृत्यु के देवता यमराज और उनकी बहन यमुना से है। इसी वजह से भाई दूज को यम द्वितीया भी कहा जाता है। आइए जानते हैं इस पर्व से जुड़ी पौराणिक कथा।
सबसे पहले किसने मनाई थी भाई दूज?
पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक, भाई दूज मनाने की परंपरा की शुरुआत यमराज और यमुना से हुई थी। कथा के अनुसार, दोनों सूर्यदेव की संतान थे। यमुना अपने भाई यमराज से बेहद प्रेम करती थीं और अक्सर उन्हें अपने घर आने का निमंत्रण देती थीं। लेकिन अपने कार्यों में व्यस्त रहने के कारण यमराज हर बार उनका निमंत्रण स्वीकार नहीं कर पाते थे।
जब बहन यमुना के घर पहुंचे यमराज
कथा के अनुसार, एक बार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अचानक अपनी बहन यमुना के घर पहुंच गए। भाई को आया देखकर यमुना बहुत प्रसन्न हुईं। उन्होंने पूरे आदर-सत्कार के साथ उनका स्वागत किया, आसन पर बैठाया और स्वादिष्ट पकवानों से भोजन कराया।
इसके बाद यमुना ने यमराज के माथे पर तिलक लगाया और उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य तथा सुख-समृद्धि की कामना की। बहन का प्रेम और आतिथ्य देखकर यमराज बेहद प्रसन्न हुए। उन्होंने यमुना से कहा कि वह अपनी इच्छा के अनुसार कोई भी वरदान मांग सकती हैं।
यमुना ने यमराज से मांगा था यह वरदान
धार्मिक कथा के अनुसार, यमुना ने अपने भाई से वरदान मांगा कि हर साल कार्तिक शुक्ल द्वितीया के दिन वह उनके घर भोजन करने आएं। साथ ही, इस दिन जो बहन अपने भाई के माथे पर तिलक लगाए और उसे प्रेमपूर्वक भोजन कराए, उसे यमराज का भय न रहे।
यमुना ने यह भी कामना की कि इस दिन भाई-बहन के साथ यमुना नदी में स्नान करने वालों को यमलोक की यातनाओं से मुक्ति मिले। यमराज ने अपनी बहन की प्रार्थना स्वीकार कर उन्हें यह वरदान दे दिया। मान्यता है कि तभी से भाई दूज पर बहनों द्वारा भाइयों को तिलक लगाने और भोजन कराने की परंपरा शुरू हुई।
भाई दूज पर यमुना स्नान का विशेष महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भाई दूज के दिन मथुरा में यमुना नदी में स्नान करना विशेष पुण्यदायी माना जाता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाई-बहन यमुना के घाटों पर पहुंचते हैं और साथ में स्नान कर तिलक की रस्म निभाते हैं।
मान्यता है कि ऐसा करने से यमराज की कृपा प्राप्त होती है और अकाल मृत्यु का भय दूर होता है। इस दिन बहन के हाथों भोजन करना और उसे उपहार देना भी पर्व की प्रमुख परंपराओं में शामिल है। भाई दूज का त्योहार इसी तरह भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति समर्पण का संदेश देता है।


