बिलासपुर/रायपुर। छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीमें तैनात की गई हैं। फ्रंटलाइन कर्मचारियों को 24 घंटे ड्यूटी पर लगाया गया है, ताकि स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और प्रवेश-निकास द्वारों पर लगातार निगरानी रखी जा सके।
भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था
त्योहार के दौरान भगदड़ और अव्यवस्था की आशंका को देखते हुए रेलवे ने भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया है। आरपीएफ और सिविल डिफेंस की टीमें लाउड हेलर और सीटी के माध्यम से यात्रियों को जरूरी दिशा-निर्देश दे रही हैं। वहीं, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के जरिए ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान की जानकारी दी जा रही है। रेलवे मुख्यालय में डिजिटल वार रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों की स्थिति पर रियल टाइम निगरानी की जा रही है।
चिकित्सा से लेकर टिकटिंग तक अतिरिक्त इंतजाम
स्टेशनों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा दलों को भी तैनात किया गया है। टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों, हेल्प डेस्क और अतिरिक्त टिकट काउंटरों की व्यवस्था की गई है। यात्रियों को ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन, क्यूआर कोड से डिजिटल भुगतान और एम-यूटीएस व रेलवन एप के माध्यम से अनारक्षित टिकट लेने की सुविधा भी दी जा रही है।
धान खरीदी से पहले किसानों में उत्साह, रायपुर में 184 से अधिक किसानों ने ऑनलाइन बुक किया टोकन
छठ के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन
छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे दुर्ग-बरौनी-दुर्ग, दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग, गोंदिया-पटना-गोंदिया और चर्लपल्ली-बरौनी-चर्लपल्ली के बीच पूजा स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। इन ट्रेनों से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे और नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। रेलवे प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।



