अहमदाबाद। अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की इकाई कच्छ कॉपर लिमिटेड (KCL) ने प्रतिष्ठित वेरामार्क एश्योरेंस प्रमाणन हासिल किया है। इसके साथ ही कच्छ कॉपर यह मान्यता प्राप्त करने वाली भारत की पहली कंपनी बन गई है। कंपनी एक ही स्थान पर स्थापित दुनिया के सबसे बड़े तांबा गलाने वाले संयंत्रों में से एक का संचालन करती है।
सलमान खान की ‘मातृभूमि’ का ट्रेलर रिलीज, जंग के मैदान में दिखी दर्द और बलिदान की कहानी
क्या है वेरामार्क एश्योरेंस प्रमाणन?
वेरामार्क एश्योरेंस को पहले कॉपर मार्क के नाम से जाना जाता था। यह तांबा, निकल और जिंक के उत्पादन एवं आपूर्ति से जुड़ी कंपनियों के लिए एक स्वतंत्र मूल्यांकन व्यवस्था है। इसके तहत उन औद्योगिक इकाइयों को प्रमाणन दिया जाता है, जो पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी और कॉरपोरेट प्रशासन (ESG) से जुड़े निर्धारित मानकों पर खरी उतरती हैं।
इस प्रमाणन के लिए स्वतंत्र विशेषज्ञ कंपनियों के कामकाज का मूल्यांकन करते हैं। इसका उद्देश्य उत्पादन प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देना है।
अदाणी नेचुरल रिसोर्सेज के सीईओ और कच्छ कॉपर के प्रबंध निदेशक डॉ. विनय प्रकाश ने कहा कि यह प्रमाणन जिम्मेदार और टिकाऊ उत्पादन के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के साथ कच्छ कॉपर वैश्विक स्तर पर उन चुनिंदा कंपनियों में शामिल हो गई है, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन करती हैं।
उन्होंने बताया कि बिजली की बढ़ती खपत, नवीकरणीय ऊर्जा, आधुनिक परिवहन और बुनियादी ढांचे के विस्तार में तांबे की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। ऐसे में कंपनी पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े वैश्विक मानकों का पालन करते हुए देश की जरूरतों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तांबा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वतंत्र मूल्यांकन में खरी उतरी कंपनी
कच्छ कॉपर ने जिम्मेदार उत्पादन से जुड़े निर्धारित मानकों और संयुक्त उचित जांच मानक (Joint Due Diligence Standard) के तहत स्वतंत्र मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा किया है। इस प्रमाणन से कंपनी यह प्रदर्शित कर सकेगी कि उसकी उत्पादन प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है।
यह व्यवस्था संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में भी योगदान देती है। इसमें विशेष रूप से लक्ष्य-12 महत्वपूर्ण है, जो जिम्मेदार उत्पादन और खपत को प्रोत्साहित करता है।
दुनिया में बढ़ रही तांबे की मांग
नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहनों, बिजली वितरण, डिजिटल बुनियादी ढांचे और आधुनिक उद्योगों के विस्तार के साथ दुनियाभर में तांबे की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में ग्राहक, निवेशक और आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ी कंपनियां जिम्मेदार तरीके से उत्पादन करने वाली कंपनियों को प्राथमिकता दे रही हैं।
वेरामार्क एश्योरेंस व्यवस्था से दुनिया की कई प्रमुख खनन और धातु कंपनियां जुड़ी हुई हैं। इनमें बीएचपी, रियो टिंटो, फ्रीपोर्ट-मैकमोरन, एंटोफागास्टा और ऑरुबिस जैसी कंपनियां शामिल हैं।
आज रायगढ़ दौरे पर रहेंगी स्मृति ईरानी, जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों का लेंगी जायजा
इस प्रमाणन व्यवस्था के तहत कंपनियों का समय-समय पर दोबारा मूल्यांकन भी किया जाता है, ताकि जिम्मेदार उत्पादन से जुड़े वैश्विक मानकों का लगातार पालन सुनिश्चित किया जा सके। कच्छ कॉपर को मिला यह प्रमाणन भारतीय तांबा उद्योग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।



