नई दिल्ली, । भारतीय महिला हॉकी की उभरती प्रतिभाओं को मंच देने वाला चौथा हॉकी इंडिया जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप 2026 (जोन ए एवं बी) शुक्रवार, 24 जुलाई से मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुरू होगा। 11 दिनों तक चलने वाला यह टूर्नामेंट 3 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश की 12 प्रमुख जूनियर महिला हॉकी अकादमियां खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।

टूर्नामेंट में भाग लेने वाली 12 टीमों को दो पूल में बांटा गया है। प्रत्येक पूल में छह-छह टीमें हैं और लीग चरण में सभी टीमें अपने-अपने पूल की अन्य टीमों से मुकाबला करेंगी। दोनों पूल से शीर्ष दो टीमें 2 अगस्त को होने वाले सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी, जबकि 3 अगस्त को तीसरे स्थान का मुकाबला और फाइनल खेला जाएगा।

पूल-ए में राजा करण हॉकी अकादमी, खालसा हॉकी अकादमी (अमृतसर), स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात-हॉकी अकादमी, हॉकी फैमिली बढ़खालसा एनसीआर हॉकी सोसायटी, तमिलनाडु हॉकी अकादमी और प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी, सोनीपत शामिल हैं।

वहीं पूल-बी में रितु रानी हॉकी अकादमी, वडीपट्टी राजा हॉकी अकादमी, भाई बेहलो हॉकी अकादमी भगता, मुंबई स्कूल्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन, अड्यार हॉकी अकादमी और मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी की टीमें खेलेंगी।

टूर्नामेंट में लीग चरण के दौरान जीत पर तीन अंक, ड्रॉ पर एक अंक और हार पर कोई अंक नहीं मिलेगा। नॉकआउट मुकाबलों में बराबरी की स्थिति होने पर विजेता का फैसला अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के नियमों के अनुसार शूटआउट से किया जाएगा।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा कि जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप भारत में महिला हॉकी के जमीनी ढांचे को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच बन चुकी है। इससे युवा खिलाड़ियों को देश की बेहतरीन अकादमियों के खिलाफ खेलने का अवसर मिलता है और भविष्य की राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों की पहचान करने में मदद मिलती है।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि अकादमियां युवा खिलाड़ियों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल और राष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्रदान करते हैं।

पहले दिन का कार्यक्रम

सुबह 7:30 बजे: राजा करण हॉकी अकादमी बनाम खालसा हॉकी अकादमी (अमृतसर)

सुबह 9:00 बजे: स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात-हॉकी अकादमी बनाम प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी, सोनीपत

सुबह 10:30 बजे: हॉकी फैमिली बढ़खालसा एनसीआर हॉकी सोसायटी बनाम तमिलनाडु हॉकी अकादमी

दोपहर 1:30 बजे: रितु रानी हॉकी अकादमी बनाम वडीपट्टी राजा हॉकी अकादमी

दोपहर 3:00 बजे: मुंबई स्कूल्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन बनाम अड्यार हॉकी अकादमी

शाम 4:30 बजे: भाई बेहलो हॉकी अकादमी भगता बनाम मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *