स्पोर्ट्स डेस्क: भारत के स्टार मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती IPL 2026 में लगातार चोटों से जूझते रहे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए मैदान पर उतरना जारी रखा। अब KKR कप्तान अजिंक्य रहाणे ने पहली बार इस पूरे विवाद पर खुलकर बयान दिया है। 

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के बाद रहाणे ने साफ किया कि वरुण को खिलाने का फैसला मेडिकल टीम और फिजियो की सलाह के बाद लिया गया था। उन्होंने कहा कि फिजियो का मानना था कि खेलने से उनकी चोट और गंभीर नहीं होगी।

रहाणे ने क्या कहा?

KKR की 40 रन की हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजिंक्य रहाणे ने कहा, ‘हमारी टीम के फिजियो, BCCI NCA और भारतीय टीम के फिजियो के बीच लगातार बातचीत हुई थी। मैं मेडिकल मामलों में दखल नहीं देता। मेरा काम सिर्फ खिलाड़ी की मानसिकता समझना है कि वह खेलना चाहता है या नहीं और कितना जोखिम है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘फिटनेस और चोट का ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है। लेकिन फिजियो को लगा कि वरुण की चोट खेलने से और नहीं बढ़ेगी।’

IPL 2026 में तीन चोटों से जूझे वरुण

इस सीजन वरुण चक्रवर्ती को कुल तीन बड़ी चोटों का सामना करना पड़ा। महीने की शुरुआत में उनके बाएं पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर हुआ था। इससे पहले उनकी दो उंगलियों में भी फ्रैक्चर हुआ था। इसके अलावा उन्हें बाएं घुटने में भी परेशानी रही। हालात ऐसे थे कि कुछ दिन पहले वह ब्रेस और स्टिक के सहारे चलते नजर आए थे। इसके बावजूद उन्होंने टीम के लिए खेलने का फैसला किया। टूर्नामेंट के आखिरी चरण में उन्होंने सिर्फ RCB के खिलाफ एक मैच मिस किया, क्योंकि उस समय वह काफी दर्द में थे।

‘वरुण हर हाल में खेलना चाहते थे’

रहाणे ने बताया कि वरुण चक्रवर्ती खुद मैदान पर उतरने के लिए बेहद उत्साहित थे। यहां तक कि RCB के खिलाफ भी वह खेलना चाहते थे, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने उन्हें आराम देने का फैसला किया। रहाणे ने कहा, ‘वरुण पूरा श्रेय डिजर्व करते हैं। ऐसी चोट में खेलना दिखाता है कि टीम आपके लिए कितनी मायने रखती है। वह पूरी तरह तैयार थे। RCB के खिलाफ भी उन्हें लगा कि वह खेल सकते हैं, लेकिन दर्द ज्यादा था इसलिए हमने उन्हें आराम दिया।’

उन्होंने आगे कहा, ‘जब खिलाड़ी खुद कहता है कि वह खेलने के लिए तैयार है, तो इससे टीम और फिजियो को सकारात्मक संदेश मिलता है। वरुण की खेलने की भूख शानदार थी।’

अगली सीरीज से पहले कितना मिलेगा आराम?

भारत की अगली T20 सीरीज आयरलैंड के खिलाफ 26 जून से शुरू होगी। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20 सीरीज और फिर जुलाई में जिम्बाब्वे दौरा होना है। ऐसे में वरुण चक्रवर्ती के पास फिटनेस हासिल करने के लिए कुछ हफ्तों का समय रहेगा, जिसके बाद चयनकर्ता भारतीय टीम का ऐलान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *