अभिनेता सलमान खान से जुड़े चर्चित काले हिरण शिकार मामले पर आधारित फिल्म ‘काला हिरण’ का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया है। कोर्टरूम ड्रामा और क्राइम थ्रिलर के तत्वों से सजी यह फिल्म 1998 में जोधपुर में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान हुए कथित काले हिरण शिकार प्रकरण और उसके बाद सामने आए कानूनी व सामाजिक घटनाक्रम को बड़े पर्दे पर पेश करेगी। पोस्टर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।

फिल्म के निर्माता अमित जानी के अनुसार, कहानी में सलमान खान की गिरफ्तारी, जोधपुर जेल में बिताया गया समय, अदालत में चले मुकदमे और मामले से जुड़े विभिन्न विवादों को दिखाया जाएगा। इसके साथ ही फिल्म में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और सलमान खान के बीच वर्षों से चले आ रहे विवाद तथा बिश्नोई समाज की भावनाओं को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया है। बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के कई शहरों में की गई है और इसे वास्तविक घटनाओं से प्रेरित सिनेमाई प्रस्तुति के रूप में तैयार किया गया है। निर्माताओं ने घोषणा की है कि फिल्म का टीजर 20 जून को रिलीज किया जाएगा।

गौरतलब है कि काले हिरण शिकार मामला लंबे समय से चर्चा का विषय रहा है और इसे लेकर कई कानूनी लड़ाइयां भी लड़ी गईं। फिल्म ‘काला हिरण’ इसी पूरे घटनाक्रम को एक नाटकीय और सिनेमाई रूप में दर्शकों के सामने लाने का दावा कर रही है। पोस्टर रिलीज के बाद अब दर्शकों की निगाहें इसके टीजर और आगामी प्रचार अभियान पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *