मुंबई, । पवित्र श्रावण मास की शुरुआत से पहले टी-सीरीज ने भगवान शिव को समर्पित नया भक्ति गीत ‘शिव शंभु शंकरा’ रिलीज किया है। इस गीत के जरिए फैशन डिजाइनर रश्मि आर्या ने गायिका के रूप में अपना डेब्यू किया है।

गीत का संगीत गुरु शर्मा ने तैयार किया है और इसका निर्देशन भी उन्होंने ही किया है। गीत के सह-निर्माता गुरप्रीत चड्ढा और निवेश हैं। गीत के लॉन्च कार्यक्रम के दौरान सह-निर्माता गुरप्रीत चड्ढा ने रश्मि के डेब्यू के पीछे की कहानी बताई।

उन्होंने कहा, “कुछ महीने पहले रश्मि और मैं जिम में ट्रेडमिल पर वर्कआउट कर रहे थे। उसी दौरान रश्मि ने मुझसे कहा कि उन्हें गाना गाना बहुत पसंद है और वह एक गीत रिकॉर्ड करना चाहती हैं। जब मैंने उनसे कुछ गाकर सुनाने को कहा तो उनकी एक लाइन सुनकर मैं हैरान रह गया। उनकी आवाज में अलग ही मिठास थी। मुझे हमेशा नए कलाकारों और प्रतिभाओं को अवसर देने में खुशी मिलती है, इसलिए मैंने उन्हें इस दिशा में आगे बढ़ने की सलाह दी।”

गुरप्रीत चड्ढा ने बताया कि इसके बाद उन्होंने रश्मि की मुलाकात निर्देशक गुरु शर्मा से कराई। पूरी टीम ने मिलकर तय किया कि रश्मि का पहला गीत भगवान शिव को समर्पित भजन होगा, ताकि उनकी नई यात्रा की शुरुआत ईश्वर के आशीर्वाद के साथ हो सके। उन्होंने ऋषिकेश की दुर्गम पहाड़ियों और नदी तटों पर हुई शूटिंग के दौरान रश्मि के समर्पण और मेहनत की भी सराहना की।

निर्देशक गुरु शर्मा ने कहा, “रश्मि के साथ काम करना शुरुआत में चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि उन्हें खुद पर भरोसा नहीं था कि वह इतना कठिन गीत गा पाएंगी। हालांकि, लगातार अभ्यास और प्रोत्साहन के बाद जब उन्होंने गीत रिकॉर्ड किया तो वह पूरी टीम के लिए सुखद आश्चर्य था।”

रश्मि आर्या ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, “फैशन इंडस्ट्री में इतने वर्षों तक व्यस्त रहने के बाद मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं गायकी के लिए समय निकाल पाऊंगी। यह गीत मेरे भीतर से सहज रूप से निकला है। सच कहूं तो मुझे खुद समझ नहीं आ रहा कि अपनी खुशी कैसे व्यक्त करूं। यह मेरी मां के दिए संस्कार और गुण हैं, जो अचानक मेरे भीतर जागृत हुए। भगवान शिव ने मेरे जीवन में यह चमत्कार किया है और मुझे गायकी के इस पावन मार्ग पर ला खड़ा किया है।”

कार्यक्रम में अभिनेता अर्जुन बिजलानी भी मौजूद रहे। उन्होंने रश्मि के गीत की सराहना करते हुए कहा कि जब रश्मि ने उन्हें इसके बारे में बताया था तो उन्हें लगा था कि यह कोई आसान गीत होगा, लेकिन सुनने के बाद वह काफी प्रभावित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *