भोपाल। मध्य प्रदेश में 10 जनवरी 2027 से जनगणना का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। इस बार जनगणना की प्रक्रिया को डिजिटल और आसान बनाया गया है। खास बात यह है कि पहली बार नागरिकों को पोर्टल के माध्यम से खुद अपनी जानकारी दर्ज करने यानी स्वगणना की सुविधा भी मिलेगी। इसके साथ ही व्यक्तिगत जानकारियों के अलावा जातिगत आंकड़े भी जुटाए जाएंगे।
जनगणना फॉर्म में होंगे 40 सवाल
इस बार जनगणना के लिए तैयार किए गए फॉर्म में कुल 40 सवाल शामिल किए गए हैं। इनके जरिए नागरिकों से व्यक्तिगत, सामाजिक और पारिवारिक जानकारी ली जाएगी। इसमें नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, जन्मस्थान, उम्र, स्थायी पता और वैवाहिक स्थिति से जुड़े सवाल होंगे।
इसके अलावा विवाह के समय की उम्र, पति या पत्नी का नाम, राष्ट्रीयता, धर्म और जाति की जानकारी भी मांगी जाएगी। जातिगत विवरण में यह बताना होगा कि व्यक्ति अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य किस वर्ग से संबंधित है।
शिक्षा और रोजगार से जुड़ी जानकारी भी होगी दर्ज
जनगणना के दौरान परिवार के सदस्यों की शैक्षणिक और रोजगार संबंधी जानकारी भी एकत्र की जाएगी। इसमें माता-पिता का नाम, मातृभाषा, अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता और शैक्षणिक योग्यता से जुड़े सवाल शामिल हैं।
रोजगार के संबंध में पिछले एक साल में किए गए काम, व्यवसाय, उद्योग या सेवा का प्रकार, कामगार की श्रेणी और काम की तलाश से संबंधित जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा कार्यस्थल तक आने-जाने के साधन का विवरण भी दर्ज किया जाएगा।
परिवार में कुल कितने बच्चे जन्मे, वर्तमान में कितने जीवित हैं और पिछले एक साल में कितने बच्चों का जन्म हुआ, इसकी जानकारी भी मांगी जाएगी।
जरूरी दस्तावेजों की जानकारी रखनी होगी तैयार
जनगणना के दौरान नागरिकों से बैंक खातों, मोबाइल नंबर और अन्य पहचान संबंधी जानकारियां भी मांगी जा सकती हैं। इनमें मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस का विवरण शामिल है। दिव्यांगता की स्थिति में उसका प्रकार बताना होगा।
यदि परिवार का कोई सदस्य पढ़ाई या नौकरी के सिलसिले में दूसरे स्थान पर रहता है, तो उसका अस्थायी पता भी दर्ज करना होगा।
पोर्टल से खुद कर सकेंगे स्वगणना
इस बार जनगणना को डिजिटल बनाने के लिए विशेष पोर्टल की सुविधा दी जाएगी। इसके माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी और परिवार के सदस्यों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को आसान बनाना और लोगों की भागीदारी बढ़ाना है।



