छत्तीसगढ़, अक्टूबर, 2026: एल्युमीनियम की बढ़ती जरूरत को पूरा करने के लिए कंपनियों को उत्पादन बढ़ाने के साथ लागत पर भी ध्यान देना जरुरी होता है। इस दिशा में वेदांता एल्युमीनियम ने दूसरी तिमाही में अच्छा प्रदर्शन किया है। कंपनी ने न सिर्फ अब तक का सबसे ज्यादा एल्युमीनियम बनाया, बल्कि उसका मुनाफा भी पिछले साल के मुकाबले दोगुने से ज्यादा हो गया।
वेदांता एल्युमीनियम मेटल लिमिटेड ने 30 सितंबर, 2026 को समाप्त दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए हैं। कंपनी का रेवेन्यू 41 प्रतिशत बढ़कर 22,066 करोड़ रुपए और एबिट्डा 83 प्रतिशत बढ़कर 10,192 करोड़ रुपए रहा। वहीं, कर पश्चात लाभ 105 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 6,187 करोड़ रुपए पर पहुँच गया। एलएमई की कीमतों में नरमी के बावजूद कंपनी ने लगातार दूसरी तिमाही में 10,000 करोड़ रुपए से ज्यादा का एबिट्डा दर्ज किया।
वेदांता एल्युमीनियम के पूर्ण-कालिक निदेशक एवं सीईओ राजेश कुमार ने कहा, “इस तिमाही में हमारा प्रदर्शन वेदांता एल्युमीनियम को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी, इंटीग्रेटेड एल्युमीनियम बिज़नेस में बदलने की लगातार रफ्तार को दिखाता है। हमने अपनी वृद्धि और इंटीग्रेशन की कोशिशों में अच्छी तरक्की करते हुए रिकॉर्ड एल्युमीनियम और एल्यूमिना उत्पादन हासिल किया। रिकॉर्ड उत्पादन, बाल्को विस्तार के दूसरे जोन की शुरुआत और बॉक्साइट संसाधनों को सुरक्षित करने की दिशा में हुई प्रगति से कारोबार को मजबूती मिली है।”
वेदांता एल्युमीनियम के सीएफओ, अनूप अग्रवाल ने कहा, “एक मजबूत बैलेंस शीट और हमारी वृद्धि व एकीकरण परियोजनाओं में लगातार प्रगति के साथ, हम वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए अपनी रणनीतिक प्राथमिकता को फंड करने के लिए अच्छी स्थिति में हैं। बेहतर नकदी प्रबंधन और खर्चों पर नियंत्रण से कंपनी को अपना ऋण घटाने में मदद मिली है।”
इस दौरान कंपनी ने 649 केटी एल्युमीनियम का उत्पादन किया, जो अब तक का सबसे ज्यादा तिमाही उत्पादन है। यह पिछले साल की समान अवधि से 5 प्रतिशत और पिछली तिमाही से 3 प्रतिशत अधिक है। वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट्स का उत्पादन 31 प्रतिशत बढ़कर 432 केटी और एल्यूमिना उत्पादन 37 प्रतिशत बढ़कर 895 केटी रहा।
कंपनी ने पिछली तिमाही के मुकाबले अपना शुद्ध ऋण 3,090 करोड़ रुपए घटाया है। इसके साथ ही शुद्ध ऋण और एबिट्डा का अनुपात 0.9 से सुधरकर 0.7 गुना हो गया। इंडिया रेटिंग्स ने कंपनी की क्रेडिट रेटिंग बढ़ाकर एए+ (स्थिर) कर दी है।


