भोपाल,। मध्य प्रदेश में नौतपा शुरू होने से पहले ही गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेशभर में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। सुबह से ही तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कई शहरों में पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 31 मई तक प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में तीव्र लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 41 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है। जबकि निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना में तीव्र लू का रेड अलर्ट घोषित किया गया है। यहां भीषण गर्मी के साथ तापमान 46 डिग्री के पार जा सकता है। ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में तीव्र लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

भोपाल, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, सीहोर, शाजापुर, रायसेन, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इंदौर, देवास, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, धार, बड़वानी, झाबुआ और अलीराजपुर में लू का अलर्ट नहीं है, लेकिन तेज गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन तक प्रदेशभर में भीषण गर्मी बनी रहेगी। 25 मई से नौतपा की शुरुआत होगी और इसके बाद भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर सहित पूरे प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है। आने वाले दिनों में लोगों को तेज धूप और लू से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *