इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के नवलखा क्षेत्र में सोमवार सुबह भीषण आगजनी की घटना हुई, जिसमें एक के बाद एक 5 निजी बसें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। तीन इमली चौराहे के पास स्थित एक निजी पार्किंग में हुए इस हादसे की लपटें इतनी विकराल थीं कि वे करीब 5 किलोमीटर दूर तक देखी गईं। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की दो दमकलों को करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय पार्किंग में 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक बस में मरम्मत के दौरान वेल्डिंग का काम किया जा रहा था, तभी अचानक निकली चिंगारी ने बस को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग आसपास खड़ी अन्य बसों तक फैल गई। चश्मदीदों ने बताया कि इस दौरान मौके पर चार बड़े धमाके भी सुने गए, जो संभवतः बसों में रखे गैस सिलेंडर फटने के कारण हुए थे। हालांकि, प्रशासन ने अभी धमाकों के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। चूंकि पार्किंग के पास ही रिहायशी बस्ती है, इसलिए लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए। आनन-फानन में पार्किंग में खड़ी अन्य 15 से ज्यादा बसों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के बाद स्थानीय राजनीति भी गरमा गई है। क्षेत्रीय पार्षद मनीष शर्मा मौके पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रिहायशी इलाके में निजी बसों की अवैध पार्किंग और वहीं मरम्मत कार्य किए जाने की शिकायतें कई बार नगर निगम और प्रशासन से की गई थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पार्षद ने स्पष्ट किया कि जब तक इन बसों को यहां से हटाने का ठोस समाधान नहीं निकलता, उनका धरना जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग से हुए नुकसान का आकलन करने और लापरवाही की जांच करने में जुटे हैं।

