कद्दू की सब्जी और पूरी तो आपने कई बार खाई होंगी, लेकिन कद्दू डालकर पूरी शायद ही चखी होगी। जी हां कद्दू को आटा, सूजी और कुछ मसालों के साथ मिलाकर पूरी बना सकते हैं। ये पूरी खाने में बहुत टेस्टी लगती हैं। हल्का चटपटा और मसालेदार कद्दू पूरी का स्वाद आपको खूब पसंद आएगा। चाय या अचार के साथ कद्दू पूरी बनाकर खा सकते हैं। बच्चों को टिफिन में भी कद्दू पूरी बनाकर दे सकते हैं। अगर आपको भी सब्जी बनाने का मन नहीं है और कुछ अच्छा खाना है तो कद्दू पूरी बनाकर खा लें। फटाफट नोट कर लें कद्दू पूरी की रेसिपी।

कद्दू पूरी रेसिपी

पहला स्टेप- सबसे पहले 250 ग्राम कद्दू को अच्छी तरह से छील लें और टुकड़ों में काट लें। अब 1 मीडियम साइज के उबले आलू ले लें। आलू और कद्दू को मिक्सी के जार में डालें। इसमें 3-4 हरी मिर्च और 5-6 टीस्पून सूजी और थोड़ा पानी डालकर पीस लें। एक पेस्ट जैसे बना लें।

दूसरा स्टेप- अब इस पेस्ट में गेहूं का आटा, नमक, हल्दी, मोयन के लिए 1 बड़ा चम्मच ऑयल, क्रश की गई अजवाइन, थोड़ी कसूरी मेथी डालें और बहुत जरा सा पानी डालकर आटा गूंथ लें। आपको कद्दू और आलू के पेस्ट के हिसाब से ही आटा लेना है। आटा गूंथने के बाद इसे सेट होने के लिए करीब 10 मिनट ढककर रख दें। अब आटे को फिर से एक बार सेट कर लें।

तीसरा स्टेप- आटे से नॉर्मल साइज की लोई तोड़ लें और गैस पर कड़ाही में तेल गर्म करें। अब पूरियां बेलकर हल्की सुनहरी होने तक सेंकते जाएं। सारी पूरियों को ऐसे ही खस्ता और कुरकुरा सेंक लें। तैयार पूरियों को चाय, अचार या चटनी के साथ खाएं। बच्चों को टिफिन में ये पूरियां बनाकर दे सकते हैं। 

ये पूरियां कई दिनों तक खराब नहीं होती हैं। सफर में ले जाने के लिए कद्दू पूरी बेस्ट ऑप्शन है। इन्हें आप आसानी से अचार के साथ इंजॉय कर सकते हैं। घर में मेहमान आने पर या नाश्ते में कुछ हेल्दी खाने का मन होने पर कद्दू पूरी बनाकर खा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *