भोपाल। भारतीय महिला हॉकी टीम ने वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। 28 नवंबर को भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 3-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक जीत पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टीम को बधाई देते हुए एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। इसके तहत प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 लाख रुपये और सपोर्टिंग स्टाफ के सदस्यों को ढाई-ढाई लाख रुपये दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फाइनल मुकाबले के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि बेटियों ने अद्भुत खेल कौशल और आत्मविश्वास का परिचय दिया है। उनका प्रदर्शन देखकर ऐसा लग रहा है कि भारतीय हॉकी का पुराना स्वर्णिम दौर फिर लौट रहा है।
हर खिलाड़ी को 5 लाख और सपोर्टिंग स्टाफ को ढाई लाख
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय बेटियों ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। इस ऐतिहासिक जीत को यादगार बनाने के लिए प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 लाख रुपये और पूरी टीम को एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा टीम के प्रत्येक सहयोगी स्टाफ सदस्य को ढाई-ढाई लाख रुपये देने की घोषणा की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रोत्साहन से खिलाड़ियों का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ेगा तथा वे भविष्य में भी देश का नाम रोशन करेंगी।
मध्यप्रदेश में विश्व हॉकी कप कराने की मांग
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व हॉकी संघ के अध्यक्ष तैयब इकराम का स्वागत करते हुए मध्यप्रदेश को विश्व हॉकी कप की मेजबानी देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जनवरी-फरवरी में होने वाले विश्व हॉकी कप के आयोजन के लिए मध्यप्रदेश पूरी तरह तैयार है। राज्य सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं और व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि खेल प्रेम, विश्वास, भाईचारे और सद्भावना का संदेश देता है। खेल के माध्यम से लोगों के बीच आपसी सम्मान और एकता की भावना मजबूत होती है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में खेलों में आगे बढ़ रहा भारत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेल के हर क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियाई खेलों सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन देश के लिए गौरव की बात है। भारतीय महिला हॉकी टीम की यह जीत भी नए स्वर्णिम दौर की शुरुआत का संकेत है।
पहली बार मध्यप्रदेश में हुआ अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए यह दोहरी खुशी का अवसर है। पहली बार राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता आयोजित हुई और इसी आयोजन में भारतीय टीम ने खिताब जीतकर इसे यादगार बना दिया। उन्होंने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली चीन की टीम को भी बधाई दी। साथ ही प्रतियोगिता को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी आयोजकों और सहयोगियों का आभार जताया।



