बॉलीवुड में कलाकारों की काम करने की शिफ्ट और वर्क-लाइफ बैलेंस को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। इस बार अभिनेता अक्षय कुमार ने आठ घंटे की वर्किंग शिफ्ट को लेकर अपनी बात रखी है। करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण’ सीजन 9 में रवि किशन के साथ पहुंचे अक्षय ने खुलासा किया कि आठ घंटे काम करने के नियम के कारण कई बड़े निर्माता उन्हें अपनी फिल्मों में लेने से हिचकिचाते हैं। उन्होंने अपनी कार्यशैली का बचाव करते हुए हॉलीवुड फिल्ममेकर क्रिस्टोफर नोलन और अभिनेता टॉम क्रूज का उदाहरण भी दिया।
आठ घंटे की शिफ्ट के कारण फिल्में गंवा रहे अक्षय
शो के दौरान करण जौहर ने अक्षय कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि वह नए निर्देशकों को मौका देने के साथ निर्माताओं की जरूरतों का भी ध्यान रखते हैं। इस पर अक्षय ने बताया कि इंडस्ट्री में उनके आठ घंटे काम करने को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती हैं। कुछ बड़े निर्माता उन्हें अपनी फिल्मों में लेने से बचते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि अक्षय केवल आठ घंटे ही काम करते हैं।
अभिनेता ने कहा कि वह अपनी शिफ्ट के दौरान वैनिटी वैन में समय बिताने के बजाय लगातार कैमरे के सामने काम करते हैं। उनका मानना है कि दर्शक कलाकार को पर्दे पर तरोताजा देखना चाहते हैं, न कि थका हुआ। इसी वजह से उन्होंने अपने जीवन में काम, नींद, फिटनेस और परिवार के लिए समय निर्धारित कर रखा है। अक्षय के मुताबिक, वह आठ घंटे काम करते हैं, आठ घंटे सोते हैं, दो घंटे फिटनेस को देते हैं और बाकी समय परिवार के साथ बिताना पसंद करते हैं।
55 दिनों में पूरी कर लेते हैं फिल्म की शूटिंग
बातचीत के दौरान रवि किशन ने भी अक्षय की काम करने की गति और ऊर्जा की तारीफ की। उन्होंने बताया कि अक्षय कम समय में फिल्म की शूटिंग पूरी कर लेते हैं, जिससे निर्माताओं का खर्च बचता है। रवि के अनुसार, अक्षय आमतौर पर करीब 55 दिनों में एक फिल्म की शूटिंग पूरी कर लेते हैं। इससे फिल्म के बजट को नियंत्रित रखने के साथ उससे जुड़े 300 से 400 लोगों को लगातार काम मिलने में भी मदद मिलती है।
अक्षय ने बताया कि कई लोग उनसे सवाल करते हैं कि वह महज 65 दिनों में फिल्म कैसे पूरी कर लेते हैं। इस पर उन्होंने हॉलीवुड फिल्ममेकर क्रिस्टोफर नोलन और अभिनेता टॉम क्रूज का उदाहरण दिया। अक्षय के मुताबिक, उन्होंने नोलन का एक इंटरव्यू पढ़ा था, जिसमें फिल्म की शूटिंग 90 दिनों से ज्यादा नहीं करने की बात कही गई थी। वहीं, उन्होंने टॉम क्रूज की फिल्म ‘मिशन: इम्पॉसिबल’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी शूटिंग 55 दिनों में पूरी की गई थी।
दीपिका पादुकोण की आठ घंटे की शिफ्ट की मांग भी रही चर्चा में
फिल्म इंडस्ट्री में आठ घंटे की शिफ्ट का मुद्दा पहले भी सुर्खियों में रह चुका है। साल 2025 में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के फिल्म ‘स्पिरिट’ से कथित तौर पर अलग होने की खबरों के बाद यह बहस तेज हुई थी। बताया गया था कि दीपिका ने फिल्म की शूटिंग के लिए आठ घंटे की शिफ्ट की मांग रखी थी। इसके बाद ‘कल्कि 2898 एडी’ के निर्माताओं ने भी उन्हें फिल्म के सीक्वल का हिस्सा नहीं बनाने की घोषणा की थी।
अक्टूबर 2025 में दीपिका ने एक इंटरव्यू में अपनी मांग का बचाव करते हुए कहा था कि इंडस्ट्री के कई पुरुष सुपरस्टार लंबे समय से आठ घंटे की शिफ्ट में काम करते आए हैं, लेकिन उनके मामले में इस पर सवाल नहीं उठाए गए। उन्होंने यह भी कहा था कि महिला होने के कारण उनकी मांग को अलग नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। इस मुद्दे पर करण जौहर, आलिया भट्ट और नेहा धूपिया समेत कई कलाकारों ने उनका समर्थन किया था।
‘गोलमाल 5’ में नजर आएंगे अक्षय कुमार
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार जल्द ही रोहित शेट्टी की कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल 5’ में दिखाई देंगे। फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, कुणाल खेमू, श्रेयस तलपड़े, शरमन जोशी और तुषार कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग फिलहाल जारी है और इसे 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।



