रायपुर : राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि तेलीबांधा चौक का नाम बदला नहीं जा रहा है। चौक के मौजूदा नाम और मूल स्वरूप में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा।
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रदेश के 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा की गई है। रायपुर का तेलीबांधा चौक भी इस योजना में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका अर्थ चौक का नाम बदलना नहीं है। तेलीबांधा चौक का नाम पहले की तरह ही रहेगा और इसे केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इन कार्यक्रमों को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किया जा रहा है।
CG Cabinet Meeting: 11 अक्टूबर को होगी साय कैबिनेट की अहम बैठक, कई बड़े फैसलों पर लग सकती है मुहर
इसी क्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की महिलाओं के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को शुभकामनाएं दीं।
सीएम साय ने कहा कि इस विशेष अवसर पर दुर्ग जिले को विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ छत्तीसगढ़ के प्रत्येक क्षेत्र और हर वर्ग के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।


