कोरबा: साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (एसईसीएल) के दीपका मेगा प्रोजेक्ट क्षेत्र में बुधवार को खनन कार्य में लगे निजी कंपनी कलिंगा कमर्शियल के एक डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा वाहन उसकी चपेट में आ गया। करीब दो करोड़ रुपये कीमत का डंपर पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि चालक की सूझबूझ से समय रहते वाहन से बाहर निकल जाने के कारण जनहानि नहीं हुई।
इंजन से अचानक निकलने लगा धुआं
- बताया जा रहा है कि डंपर खदान के भीतर परिचालन में था। इसी दौरान इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। इसके बाद देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं और पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही एसईसीएल का सुरक्षा अमला और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे।


