डोसा का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मन में चावल और उड़द दाल से बने पारंपरिक डोसे की तस्वीर उभर आती है। लेकिन क्या आपने कभी कटहल का डोसा खाया है? दक्षिण भारत, खासकर कर्नाटक के मैंगलोर क्षेत्र में बनने वाला यह खास डोसा स्वाद और पोषण दोनों से भरपूर होता है। पके हुए कटहल की मिठास और चावल के साथ तैयार होने वाली यह पारंपरिक रेसिपी न केवल खाने में बेहद स्वादिष्ट लगती है, बल्कि नाश्ते के लिए भी एक हेल्दी विकल्प मानी जाती है। कटहल में फाइबर, विटामिन C, पोटैशियम और कई जरूरी एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर को पोषण देने में मदद करते हैं। वहीं चावल ऊर्जा का अच्छा स्रोत माना जाता है। यही वजह है कि यह डिश स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी ध्यान रखती है। खास बात यह है कि इस डोसे को बनाने के लिए लंबे समय तक फर्मेंटेशन की जरूरत नहीं पड़ती, इसलिए यह जल्दी तैयार हो जाता है। तो, अगर आप रोज-रोज एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो गए हैं, तो इस मैंगलोरियन डिश को जरूर ट्राई करें।
कटहल का डोसा बनाने के लिए सामग्री:
1 कप पके हुए कटहल (बीज निकालकर), 1 कप चावल (3-4 घंटे भिगोए हुए), आधा कप ताजा कद्दूकस किया हुआ नारियल, 2-3 बड़े चम्मच गुड़, आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर, एक चुटकी नमक, आवश्यकतानुसार पानी, डोसा सेंकने के लिए थोड़ा घी या तेल
कैसे बनाएं कटहल का डोसा?
- कटहल का डोसा बनाने के लिए सबसे पहले कटहल के गुदा को बीज से अलग कर दें। अब एक मिक्सर जार में कटहल के टुकड़ों के साथ, चावल, गुड़ और नारियल डालकर स्मूद बैटर तैयार करें।
- जब बैटर तैयार हो जाए, तो गर्म तवे पर इसे डोसे की तरह फैलाकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पकाया जाता है।
- तैयार कटहल डोसा बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से नरम होता है। इसे नारियल की चटनी, गुड़ या घी के साथ परोसा जा सकता है।

