रायपुर। छत्तीसगढ़ की तीनों पावर कंपनियों में 1,501 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने वाले युवाओं को बड़ी राहत मिली है। कंपनी प्रबंधन ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 3 दिसंबर कर दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 26 नवंबर निर्धारित थी। अब इच्छुक अभ्यर्थी 3 दिसंबर की रात 11:55 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन के साथ शुल्क भी जमा कर सकेंगे। इस भर्ती को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह है। अब तक डेढ़ लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
महिला आरक्षण पर PM मोदी का VIDEO संदेश, बोले- नारी शक्ति से किया वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध
38 तरह के पदों पर होगी भर्ती
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन, ट्रांसमिशन और जनरेशन कंपनियों में कुल 38 प्रकार के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। कुल 1,501 रिक्तियों में द्वितीय श्रेणी के 195 पद और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं। भर्ती में तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों तरह के पद रखे गए हैं। इनमें कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता समेत कई अन्य पद शामिल हैं।
भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट cspc.co.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य जरूरी पात्रता शर्तों की जानकारी विज्ञापन में जरूर देख लें।
डेटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पदों पर सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धा
इस भर्ती में डेटा एंट्री ऑपरेटर के पद युवाओं के बीच सबसे ज्यादा लोकप्रिय हैं। तीनों पावर कंपनियों में इस श्रेणी के कुल 609 पद रिक्त हैं, जिनके लिए अब तक करीब 81 हजार अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं। इस हिसाब से एक पद के लिए औसतन 133 से अधिक उम्मीदवारों के बीच प्रतिस्पर्धा है। अन्य पदों के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन मिल रहे हैं।
CBT परीक्षा से होगा चयन, कुछ पदों के लिए अतिरिक्त टेस्ट
सभी 38 प्रकार के पदों पर चयन कंप्यूटर आधारित बहुविकल्पीय परीक्षा (CBT) के जरिए किया जाएगा। परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार होगी। डेटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए मेरिट में स्थान पाने वाले अभ्यर्थियों को टाइपिंग टेस्ट भी देना होगा। वहीं, स्टेनोग्राफर ग्रेड-3 के लिए अलग से दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी।
पावर कंपनी प्रबंधन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम दिन का इंतजार किए बिना आवेदन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि आखिरी समय में तकनीकी दिक्कतों से बचा जा सके।



