बिजनेस डेस्क: दिसंबर का महीना शुरू होने वाला है। महीने की पहली तारीख से बैंकिंग, निवेश और रोजमर्रा के खर्चों से जुड़े कई अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं। SBI क्रेडिट कार्ड के कुछ ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त चार्ज, कमोडिटी ट्रेडिंग के नए मार्जिन नियम और आधार में ईमेल अपडेट की मुफ्त सुविधा जैसे बदलाव लोगों को प्रभावित करेंगे।
इसके अलावा पेंशनर्स के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की अंतिम तारीख, LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा और RBI की मौद्रिक नीति बैठक पर भी लोगों की नजर रहेगी। आइए जानते हैं दिसंबर में होने वाले इन 7 बड़े बदलावों के बारे में।
मोदी कैबिनेट ने परिसीमन विधेयक को दी मंजूरी, महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन बिल पर भी लगी मुहर
1. SBI क्रेडिट कार्ड से पेमेंट पर लगेगा अतिरिक्त चार्ज
SBI क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करने वालों के लिए दिसंबर से कुछ ट्रांजैक्शन महंगे हो सकते हैं। SBI Card की ओर से ट्रांसपोर्टेशन और फ्यूल से जुड़े बड़े ट्रांजैक्शन पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त फीस लगाने का प्रावधान किया गया है।
ऐसे में क्रेडिट कार्ड से इन सेवाओं के लिए अधिक राशि का भुगतान करने वाले ग्राहकों को अपने खर्चों पर ध्यान देना होगा।
2. कमोडिटी ट्रेडिंग के मार्जिन नियमों में बदलाव
1 दिसंबर 2026 से कमोडिटी डेरिवेटिव्स में कारोबार करने वाले ट्रेडर्स के लिए SEBI के नए मार्जिन नियम लागू होंगे। इसके तहत कमोडिटी की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव के आधार पर न्यूनतम शुरुआती मार्जिन निर्धारित किया जाएगा।
नए नियमों के अनुसार कम वोलैटिलिटी वाली कमोडिटी पर 6 प्रतिशत, मध्यम वोलैटिलिटी वाली कमोडिटी पर 8 प्रतिशत और अधिक वोलैटिलिटी वाली कमोडिटी पर 10 प्रतिशत मार्जिन रखना होगा।
इसके अलावा कम और मध्यम वोलैटिलिटी वाली कमोडिटी के लिए मार्जिन पीरियड ऑफ रिस्क 2 दिन और अधिक वोलैटिलिटी वाली कमोडिटी के लिए 3 दिन होगा। इससे ट्रेडर्स को अपनी ट्रेडिंग पोजीशन के अनुसार अतिरिक्त फंड की व्यवस्था करनी पड़ सकती है।
3. विदेशी निवेशकों के लिए KYC प्रक्रिया होगी आसान
विदेश में रहने वाले भारतीय और योग्य विदेशी निवेशकों के लिए KYC प्रक्रिया को आसान बनाने की तैयारी है। SEBI के नए नियमों के तहत NRI, OCI और निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाले विदेशी निवेशक रिमोट तरीके से KYC पूरी कर सकेंगे।
3 दिसंबर से लागू होने वाली इस सुविधा के तहत निवेशकों को SEBI के साथ रजिस्टर्ड इंटरमीडियरी के माध्यम से KYC कराने का विकल्प मिलेगा। इससे उन्हें फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए भारत आने की जरूरत नहीं होगी और भारतीय शेयर बाजार में निवेश की प्रक्रिया आसान हो सकती है।
4. आधार में ईमेल अपडेट कराने की मुफ्त सुविधा
आधार कार्ड में ईमेल एड्रेस अपडेट कराने वालों के लिए राहत की खबर है। UIDAI ने आधार मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल अपडेट कराने पर लगने वाली 75 रुपये की फीस को 6 महीने के लिए माफ किया है।
यह सुविधा 1 जुलाई 2026 से शुरू हुई थी और 31 दिसंबर 2026 तक मुफ्त उपलब्ध रहेगी। ऐसे में आधार में ईमेल एड्रेस अपडेट कराने के इच्छुक लोग इस अवधि में सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
5. पेंशनर्स के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की अंतिम तारीख
केंद्र सरकार के पेंशनर्स के लिए जीवन प्रमाण पत्र यानी लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 निर्धारित है। पेंशन का नियमित भुगतान जारी रखने के लिए हर साल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना जरूरी होता है।
पेंशनर्स डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट यानी जीवन प्रमाण के माध्यम से ऑनलाइन भी अपना प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। निर्धारित समय तक प्रमाण पत्र जमा नहीं होने पर पेंशन भुगतान में देरी या अस्थायी रुकावट आ सकती है।
6. LPG सिलेंडर की कीमतों में हो सकता है बदलाव
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 दिसंबर 2026 को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की नई कीमतें जारी होने की संभावना है।
कीमतों में बदलाव होने पर इसका असर घरेलू बजट के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर भी पड़ सकता है।
7. RBI की मौद्रिक नीति बैठक पर रहेगी नजर
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 2 से 4 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित है। इस बैठक में रेपो रेट को लेकर फैसला लिया जाएगा।
अगर RBI रेपो रेट में बदलाव करता है तो इसका असर होम लोन, पर्सनल लोन और अन्य कर्ज की ब्याज दरों पर पड़ सकता है। ऐसे में बैंक ग्राहकों और निवेशकों की नजर इस बैठक के नतीजों पर रहेगी।
दिसंबर की शुरुआत से ही बैंकिंग, निवेश और घरेलू खर्चों से जुड़े इन बदलावों का असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में आम लोगों के लिए जरूरी है कि वे संबंधित नियमों और तारीखों की जानकारी पहले से रखें, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।



