नई दिल्ली। नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायणम्: राइज ऑफ अ लीजेंड’ रिलीज के बाद से ही चर्चा में बनी हुई है। फिल्म में साई पल्लवी द्वारा निभाए गए माता सीता के किरदार को लेकर दर्शकों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। खासतौर पर सीता को हथियार चलाते और एक्शन सीक्वेंस करते हुए दिखाने पर विवाद छिड़ गया है। कुछ दर्शकों ने इस रचनात्मक बदलाव की सराहना की है, तो कुछ ने धार्मिक ग्रंथों के चित्रण को लेकर सवाल उठाए हैं।
अब फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी ने इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने बताया कि फिल्म में माता सीता को योद्धा के रूप में दिखाने के पीछे पौराणिक ग्रंथों में मौजूद कथाएं आधार बनी हैं।
PM मोदी ने मेट्रो में DK शिवकुमार का खरीदा था टिकट, कर्नाटक CM ने सुनाया दिलचस्प किस्सा
सीता के एक्शन सीन्स पर क्या बोले नितेश तिवारी?
नितेश तिवारी के मुताबिक, रामायण की अलग-अलग रचनाओं में माता सीता के व्यक्तित्व के कई रूप देखने को मिलते हैं। उन्होंने संस्कृत के ‘अद्भुत रामायण’ और 15वीं सदी की ओड़िया ‘बिलंका रामायण’ का जिक्र करते हुए बताया कि इन ग्रंथों में सीता को केवल सहनशीलता और त्याग की प्रतिमूर्ति के रूप में नहीं, बल्कि अपार शक्ति से संपन्न योद्धा के रूप में भी प्रस्तुत किया गया है।
निर्देशक का कहना है कि सीता के व्यक्तित्व को समझने के लिए रामायण की विभिन्न कथाओं और उनके अलग-अलग दृष्टिकोणों को देखना जरूरी है।
महाकाली के रूप में सीता ने किया था राक्षस का वध
नितेश तिवारी ने एक ऐसी पौराणिक कथा का भी उल्लेख किया, जिसमें भगवान राम के असहाय हो जाने पर माता सीता रौद्र रूप धारण करती हैं। इस कथा के अनुसार, सीता महाकाली का रूप लेकर हजार सिरों वाले राक्षस राजा सहस्र रावण का वध करती हैं।
निर्देशक के मुताबिक, ऐसी कथाएं माता सीता के एक अलग और शक्तिशाली स्वरूप को सामने लाती हैं। इसी आधार पर फिल्म में उनके योद्धा रूप को दिखाने का रचनात्मक फैसला लिया गया है।
मुकेश खन्ना ने जताई थी आपत्ति
फिल्म में सीता के एक्शन सीक्वेंस को लेकर अभिनेता मुकेश खन्ना भी अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। उनका मानना है कि इस तरह का चित्रण वाल्मीकि रामायण में वर्णित कथा से अलग है। इस मुद्दे पर दर्शकों के बीच भी बहस जारी है।
दो भागों में रिलीज होगी रामायणम्
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। रामायण महाकाव्य पर आधारित इस फिल्म को दो भागों में प्रस्तुत करने की योजना है। पहले भाग की रिलीज 5 नवंबर रखी गई थी, जबकि दूसरा भाग 2028 में सिनेमाघरों में दस्तक देगा।



