मुंबई : बॉलीवुड की खूबसूरत और चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल ऐश्वर्या राय बच्चन ने अपनी खूबसूरती और शानदार अभिनय से दुनियाभर में पहचान बनाई है। साल 1994 में ऐश्वर्या के सिर मिस वर्ल्ड का ताज सजा था। इसके बाद उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती चली गई। हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि मिस वर्ल्ड बनने से पहले ही उनके पास फिल्मों के कई ऑफर आ चुके थे। यहां तक कि आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘राजा हिंदुस्तानी’ से वह बॉलीवुड में डेब्यू कर सकती थीं।
आज हम आपको ऐश्वर्या राय की जिंदगी से जुड़े ऐसे ही 6 दिलचस्प किस्सों के बारे में बता रहे हैं, जिनके बारे में शायद ही आप जानते होंगे।
1. स्कूल के दिनों में ही कैमरे के सामने आई थीं ऐश्वर्या
ऐश्वर्या राय ने फिल्मों में आने से काफी पहले ही कैमरे का सामना करना शुरू कर दिया था। जब वह नौवीं कक्षा में पढ़ती थीं, तब उन्होंने पहली बार एक विज्ञापन के लिए शूटिंग की थी। यह विज्ञापन ‘कैमलिन पेंसिल’ का था। हालांकि, साल 1993 में आमिर खान के साथ पेप्सी के विज्ञापन में नजर आने के बाद उन्हें काफी लोकप्रियता मिली थी।
2. ‘राजा हिंदुस्तानी’ हो सकती थी पहली फिल्म
ऐश्वर्या राय ने एक पुराने इंटरव्यू में खुलासा किया था कि मिस इंडिया प्रतियोगिता में शामिल होने से पहले ही उन्हें चार फिल्मों के ऑफर मिल चुके थे। उन्होंने बताया था कि फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बनाए रखने के इरादे से ही उन्होंने मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। अगर वह इस प्रतियोगिता में शामिल नहीं होतीं, तो साल 1996 में रिलीज हुई आमिर खान और करिश्मा कपूर की फिल्म ‘राजा हिंदुस्तानी’ उनकी पहली फिल्म हो सकती थी।
3. आर्किटेक्चर की पढ़ाई बीच में छोड़ दी
ऐश्वर्या राय की पहली पसंद अभिनय नहीं, बल्कि मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाना था। हालांकि, बाद में उन्होंने आर्किटेक्चर की पढ़ाई करने का मन बनाया और मुंबई के रचना संसद एकेडमी ऑफ आर्किटेक्चर में दाखिला लिया। लेकिन मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद उन्हें फिल्मों और मॉडलिंग के लगातार ऑफर मिलने लगे। इसी वजह से वह अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर सकीं।
4. भविष्य में फिल्म डायरेक्ट करना चाहती हैं ऐश्वर्या
अभिनय के अलावा ऐश्वर्या राय की दिलचस्पी फिल्म निर्देशन में भी है। साल 2019 में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया था कि वह भविष्य में किसी दिन फिल्म डायरेक्ट करना चाहेंगी। हालांकि, अब तक उन्होंने इस दिशा में गंभीरता से काम शुरू नहीं किया है। उनके साथ काम करने वाले लोग भी अक्सर उन्हें निर्देशन और प्रोडक्शन में हाथ आजमाने की सलाह देते रहते हैं।
5. कान फिल्म फेस्टिवल की जूरी में शामिल होने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री
ऐश्वर्या राय ने भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। साल 2003 में वह कान फिल्म फेस्टिवल की जूरी में शामिल होने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री बनी थीं। इसके अलावा, मैडम तुसाद म्यूजियम में भी उनका मोम का पुतला लगाया गया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने दुनियाभर में अपनी खास पहचान बनाई।
6. ऐश्वर्या के नाम पर रखा गया फूल का नाम
ऐश्वर्या राय की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नीदरलैंड में ट्यूलिप फूल की एक दुर्लभ किस्म का नाम उनके नाम पर रखा गया है। साल 2005 में उन्हें यह खास सम्मान मिला था। बताया जाता है कि उनकी खूबसूरती और दुनियाभर में लोकप्रियता को देखते हुए यह नाम दिया गया।
दिवाली पार्टी में दिखना है सबसे ग्लैमरस, तो प्रियंका से आलिया तक के ये Indo-Western लुक्स करें ट्राई
‘और प्यार हो गया’ से किया था बॉलीवुड डेब्यू
ऐश्वर्या राय ने साल 1997 में रिलीज हुई फिल्म ‘और प्यार हो गया’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता बॉबी देओल नजर आए थे। फिल्म का निर्देशन राहुल रवैल ने किया था। इसके बाद ऐश्वर्या ने एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया और अपनी दमदार अदाकारी से बॉलीवुड में खास मुकाम हासिल किया।


