उज्जैन। प्रसिद्ध गुजराती गायिका किंजल दवे और फिल्म अभिनेत्री मोनल गज्जर ने रविवार तड़के मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल मंदिर के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों कलाकार अलसुबह भगवान महाकाल की भस्म आरती में भी शामिल हुईं।

गुजराती गायिका किंजल दवे और फिल्म अभिनेत्री मोनल गज्जर ने रविवार तड़के चार बजे महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं और नंदी हॉल में बैठकर लगभग दो घंटे तक भस्म आरती में शामिल रहीं। इस दौरान वे भगवान महाकाल का जाप करती नजर आईं। उन्होंने नंदी महाराज का पूजन कर अपनी मनोकामनाएं अर्पित कीं। भस्म आरती के बाद किंजल दवे और मोनल गज्जर ने भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक एस.एन. सोनी ने उनका स्वागत और सम्मान किया।

दर्शन के बाद किंजल दवे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह लगभग दो महीने में उनका दूसरा महाकाल दर्शन है। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल ने मुझे दोबारा बुलाया है, इसके लिए मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानती हूं और सभी का धन्यवाद करती हूं। मोनल गज्जर एक भारतीय अभिनेत्री और मॉडल हैं, जो मुख्य रूप से गुजराती और तेलुगु फिल्मों में सक्रिय हैं। वह इससे पहले 08 अप्रैल को भी महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आ चुकी हैं। दर्शन के दौरान दोनों कलाकार बेहद सरल और श्रद्धामय भाव में दिखीं।

कथावाचक राजन महाराज भी पहुंचे उज्जैन, पूजन-अर्चन कर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया

प्रसिद्ध कथावाचक राजन महाराज भी रविवार तड़के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद मंदिर समिति की ओर से राजन महाराज का स्वागत-सम्मान किया गया। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर कुछ देर महाकाल की भक्ति का आनंद भी लिया।

दर्शन उपरांत राजन महाराज ने मीडिया से बातचीत में कहा कि महाकाल की नगरी में आकर मन को असीम शांति मिलती है। यहां की ऊर्जा अद्भुत है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को महाकाल के दरबार से जीवन की नई प्रेरणा मिलती है।

भस्म आरती में मोगरा-गुलाब के फूलों से सजे बाबा महाकाल

उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल का ज्येष्ठ अधिकमास कृष्ण पक्ष की सप्तमी पर रविवार तड़के भस्म आरती के दौरान भांग के साथ त्रिपुंड, चंद्रमा और त्रिनेत्र अर्पित कर मोगरा-गुलाब के फूलों से दिव्य श्रृंगार किया गया। इस दौरान महाकाल के दरबार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भक्त बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर धन्य हुए। इस दौरान मंदिर परिसर जय श्री महाकाल के जयघोष से गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *