धमतरी। मानसून के आगमन से पहले जलभराव और गंदगी की समस्या से शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए नगर निगम धमतरी ने व्यापक स्तर पर मेगा स्वच्छता एवं नाला सफाई अभियान शुरू कर दिया है। शहर के प्रमुख नालों और नालियों की युद्धस्तर पर सफाई कर वर्षा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।

निगम का लक्ष्य बारिश शुरू होने से पहले सभी प्रमुख जल निकासी मार्गों को पूरी तरह साफ कर जलभराव की संभावनाओं को समाप्त करना है। इसी कड़ी में सोरिद नाला, पीडी नाला और बाकरे नाला सहित शहर के प्रमुख नालों की मुजगहन क्षेत्र तक लगातार सफाई की जा रही है। नालों में वर्षों से जमा गाद, मिट्टी, प्लास्टिक और अन्य कचरे को मशीनों एवं श्रमिकों की सहायता से बाहर निकाला जा रहा है। सफाई के दौरान निकल रहे मलबे को ट्रिपर और ट्रैक्टरों के माध्यम से निर्धारित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे जल प्रवाह सुचारू बना रहे।

स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष निलेश लुनिया ने बताया कि पिछले एक माह के दौरान शहर के 40 वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाकर 60 ट्रिप से अधिक मलबा निकाला जा चुका है। आगामी 15 दिनों में 30 से 40 अतिरिक्त ट्रिप मलबा निकालने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि मानसून से पूर्व सभी बड़े नाले पूरी तरह साफ हो जाएं। निगम द्वारा सुंदर पान ठेला से मेहताब सिंह गैरेज तक, सिहावा चौक से रिलायंस पेट्रोल पंप तक तथा अंबेडकर चौक से कलेक्ट्रेट मोड़ तक स्थित नालियों की सफाई को प्राथमिकता दी जा रही है। जलभराव की दृष्टि से संवेदनशील इन क्षेत्रों में तेजी से कार्य किया जा रहा है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए निगम ने एक चैन माउंटेड मशीन, दो जेसीबी, चार ट्रिपर, दो ट्रैक्टर और 16 छोटा हाथी वाहनों सहित सफाई विभाग की बड़ी टीम को मैदान में उतारा है, जो दिन-रात कार्य कर रही है। इसके साथ ही शहर के सभी वार्डों में नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण भी किया जा रहा है, ताकि कचरा नालियों और सड़कों तक न पहुंचे।

निलेश लुनिया ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ धमतरी का निर्माण जनसहयोग के बिना संभव नहीं है। नगर निगम का उद्देश्य केवल नालों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर को जलभराव, गंदगी और संभावित संक्रमण से सुरक्षित रखना भी है। मानसून पूर्व सफाई तेजी से की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *