नाश्ते में डोसा खाना लोगों को काफी पसंद होता है। डोसा काफी हल्का होता है और आसानी से पच जाता है। कम तेल मसाले वाला नाश्ता खाने के लिए डोसा बेस्ट है। पारंपरिक डोसा को चावल और उड़द दाल को भिगोकर और पीसकर बनाया जाता है। लेकिन आज हम आपको सूजी से डोसा बनाना बता रहे हैं। इसके लिए न तो आपको दाल-चावल भिगोने होंगे और न ही फर्मेन्टेशन करना होगा। आप इंस्टेंट डोसा बनाकर खा सकते हैं। सूजी डोसा न तो टूटते और न ही बनाने में तवे पर चिपकते हैं। ये इतने हल्के और खाने में क्रिस्पी लगते हैं कि आप 1-2 डोसा खाने के बाद भी खुद को रोक नहीं पाएंगे। फटाफट नोट कर लें सूजी डोसा की रेसिपी।
सूजी डोसा रेसिपी
पहला स्टेप- इसके लिए 1 कप सूजी और एक चौथाई कप बेसन डालकर मिक्सर जार में इसे ग्राइंड कर लें। आपको इसे सूखा ही एकदम बारीक पीसकर तैयार करना है। आपको एकदम अच्छा पाउडर जैसा बनाना है। अब इसमें आधा कप खट्टा दही, थोड़ा नमक और एक कप पानी डालकर स्मूद बैटर के जैसा बनने तक पीस लें।
दूसरा स्टेप- बैटर को किसी बाउल में निकाल लें और बैटर को डोसा जितना गाढ़ा रखें। इसे कवर करके आधा घंटे के लिए रख दें। इससे बैटर अच्छी तरह से फूल जाएगा। सूजी का बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे तो आप इसमें थोड़ा पानी और डाल सकते हैं। अब इसमें थोड़ा नमक और डालकर मिक्स कर लें। आपको इसमें सोडा या ईनो कुछ भी नहीं डालना है।
तीसरा स्टेप- एक नॉन स्टिक तवा लें और तवे को अच्छा गर्म करके फिर हल्का ठंडा होने दें। अब तवे के बीच में डोसे के साइज के हिसाब से 1 बड़ा चमचा बैटर डालें और इसे एक डायरेक्शन में ही गोल-गोल घुमाते हुए फैलाएं। अब डोसा को लो मीडियम फ्लेम पर सेंक लें और ऊपर से थोड़ा घी या बटर डाल दें। जब डोसा अच्छी तरह नीचे से सिंक जाएगा तो किनारों से पलटने लगेगा।
अब डोसा को पलट लें और इसे किसी प्लेट में निकाल लें। अब आप डोसा को मूंगफली की चटनी, लाल वाली टमाटर की चटनी या फिर नारियल की चटनी के साथ सर्व करें। आपको ये करारे डोसा बहुत पसंद आएंगे। प्लेन डोसा का स्वाद बहुत अच्छा लगता है। आप चाहें तो इसमें आलू का मसाला भी भरकर बना सकते हैं। बच्चों के लिए इसमें पनीर को कद्दूकस करके डाल सकते हैं।

