भोपाल : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में होटल की रिसेप्शनिस्ट से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना कोलार थाना क्षेत्र की है। गैंगरेप के आरोप में पुलिस ने महिला, होटल मालिक और एक अन्य को गिरफ्तार किया है। वहीं 2 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, कोलार थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय रिसेप्शनिस्ट का काम करती है। महिला आरोपी पूर्व रिसेप्शनिस्ट थी और युवती से बदला लेना चाहती थी। ऐसे में उसने अपने बेटे, उसके दोस्तों और होटल मालिक से मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता के मुताबिक, महिला ने उसे बहाने से होटल के कमरे में बुलाया फिर उसे बंधक बनाकर सभी लोगों को वहां बुलाया जिन्होंने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। युवती के विरोध करने पर उससे मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर अमानवीय व्यवहार किया।

घटना की सूचना पर पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए आरोपी महिला विनीता उसके बेटे बिट्टू और होटल मालिक को हिरासत में ले लिया। आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है। वहीं दो अन्य आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश में दो थानों की पुलिस जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक जल्द ही उनकी गिरफ्तारी करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।