बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में फिल्म के गाने ‘डैडी कूल’ के लॉन्च इवेंट में किंग खान ने फैंस के साथ बातचीत की और कई दिलचस्प किस्से साझा किए। इस दौरान उन्होंने बताया कि उनका 13 साल का बेटा अबराम उन्हें आजकल के Gen-Z स्लैंग सिखाता है। अबराम ने उन्हें ‘ऑरा फार्मिंग’ और ‘मॉगिंग’ जैसे नए शब्दों का मतलब भी समझाया है।
महिला आरक्षण पर PM मोदी का VIDEO संदेश, बोले- नारी शक्ति से किया वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध
अबराम से सीखे ‘ऑरा फार्मिंग’ और ‘मॉगिंग’ जैसे शब्द
करण जौहर के साथ बातचीत के दौरान शाहरुख खान से पूछा गया कि कोई व्यक्ति उनके जैसा शानदार ‘ऑरा’ कैसे बना सकता है? इस पर अभिनेता ने बताया कि उन्होंने पहली बार ‘ऑरा’ शब्द अपने छोटे बेटे अबराम से सुना था। यह उस समय की बात है, जब वह अपने सिक्स-पैक एब्स दिखा रहे थे।
शाहरुख ने बताया कि अबराम ने उन्हें देखकर कहा था कि आप ‘ऑरा फार्मिंग’ कर रहे हैं। इसके अलावा बेटे ने उन्हें ‘मॉगिंग’ शब्द के बारे में भी बताया। करण जौहर ने इस शब्द का मतलब समझाते हुए कहा कि इसका इस्तेमाल तब किया जाता है, जब कोई व्यक्ति अपने लुक या प्रभाव से दूसरों को पीछे छोड़ देता है।
शाहरुख ने बताया क्या होता है असली ऑरा
इवेंट के दौरान शाहरुख खान ने यह भी बताया कि उनके मुताबिक किसी व्यक्ति का असली ‘ऑरा’ क्या होता है। उन्होंने कहा कि दूसरों की नकल करने, ट्रेंड्स को फॉलो करने या किसी और की तरह दिखने और व्यवहार करने से असली पहचान नहीं बनती।
अभिनेता के मुताबिक, असली ऑरा तब बनता है, जब इंसान खुद को पहचानता है, अपनी खूबियों को समझता है और उन्हें बिना किसी झिझक के दुनिया के सामने रखता है। इसी बातचीत में उन्होंने अपने बड़े बेटे आर्यन खान के नाम से जुड़ा एक किस्सा भी सुनाया। शाहरुख ने बताया कि बचपन में वह मानते थे कि हर नाम का अपना एक खास एहसास होना चाहिए, जो सीधे दिल को छू जाए। आर्यन का नाम रखते समय भी उन्होंने इसी सोच को ध्यान में रखा था।
‘डैडी कूल’ लॉन्च पर दिखा शाहरुख का स्टाइलिश अंदाज
गाने के लॉन्च इवेंट में शाहरुख खान अपने खास कैजुअल लुक में नजर आए। उन्होंने हल्के नीले रंग की फेडेड जींस के साथ गहरे रंग की राउंड नेक टी-शर्ट पहनी थी। इसके ऊपर सेज-ग्रीन रंग की साबर जैकेट उनके लुक को खास बना रही थी। घड़ी, ब्रेसलेट और सनग्लासेस के साथ उनका पूरा अंदाज काफी स्टाइलिश नजर आया।
24 दिसंबर को रिलीज होगी ‘किंग’
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘किंग’ एक एक्शन थ्रिलर है। फिल्म में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण, सुहाना खान, अनिल कपूर, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, अरशद वारसी और जयदीप अहलावत भी नजर आएंगे। फिल्म का गाना ‘डैडी कूल’ रिलीज हो चुका है, जिसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जबकि इसका आधिकारिक ट्रेलर 14 दिसंबर को रिलीज किया जाएगा।



